बद्दी : नशीली और प्रतिबंधित दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ बद्दी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने अब A.S. Chemical के एक अन्य गोदाम से FEROCURE Tablets की 26.40 लाख गोलियां बरामद की हैं। यह बरामदगी पहले से दर्ज ND&PS मामले की आगामी जांच के दौरान गांव बिलांवली स्थित गोदाम से की गई।
कार्रवाई में पुलिस ने ड्रग विभाग की सहायता ली। बरामद टेबलेट्स ड्रग्स एंड कास्मेटिक एक्ट (Drugs and Cosmetics Act/Rules) के अंतर्गत आती हैं, इसलिए इनके संबंध में ड्रग विभाग द्वारा अलग से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई 8 सितंबर 2026 को की गई।
पुलिस के अनुसार 26 अगस्त को A.S. Chemical के गोदाम की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नशीली एवं प्रतिबंधित दवाइयां बरामद हुई थीं। इनमें 55,650 Clonazepam Tablets, 3,05,518 Alprazolam Tablets, 19,245 Tramadol-Dicyclomine Capsules और 3,100 Tramadol Hydrochloride Tablets शामिल थीं। इसके अलावा Tramadol, Clonazepam और Alprazolam का 20.96 किलोग्राम पाउडर, 22.26 किलोग्राम Tramadol Powder तथा Codeine Phosphate एवं Triprolidine Syrup की 41 बोतलें भी बरामद की गई थीं।
तलाशी के दौरान Alprazolam, Tramadol और Clonazepam आदि के Printed Foils भी मिले थे, जिनका कुल वजन 49.14 किलोग्राम था। इसके साथ ही Drugs and Cosmetics Act/Rules के तहत आने वाली Tapentadol Hydrochloride की 7,400 गोलियां, Ceftriaxone & Sulbactam Injection की 310 शीशियां, Gabapentin & Nortriptyline Hydrochloride की 12,690 गोलियां, Tapentadol Hydrochloride की 3,305 गोलियां, Ferrous Ascorbate & Folic Acid Suspension की 57 बोतलें और Pregabalin की 210 गोलियां भी बरामद की गई थीं।
इस बरामदगी के संबंध में A.S. Chemical के गोदाम के मालिक एवं आरोपी अंकित कौशल पुत्र कमलापति कौशल, निवासी गांव एवं डाकघर जैस, तहसील तिलोई, जिला अमेठी, उत्तर प्रदेश के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में NDPS Act के तहत अभियोग दर्ज किया गया था। वहीं, Drugs and Cosmetics Act/Rules के तहत आने वाली दवाइयों को लेकर ड्रग विभाग ने अलग से कार्रवाई शुरू की थी।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस को A.S. Chemical के गांव बिलांवली, बद्दी स्थित एक अन्य गोदाम के बारे में जानकारी मिली। 8 सितंबर को ड्रग विभाग की सहायता से यहां कार्रवाई की गई, जहां से FEROCURE Tablets की 26,40,000 गोलियां बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार इन गोलियों के संबंध में ड्रग विभाग द्वारा नियमानुसार अलग कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही बरामद दवाइयों के स्रोत, भंडारण और कारोबार से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि में शामिल असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नशे के कारोबार और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
