सोलन : हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आंजी-रबौन क्षेत्र में एक महिला और उसकी महज छह माह की मासूम की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला ने पहले अपनी मासूम बेटी की जान ली और इसके बाद खुद भी आत्मघाती कदम उठा लिया। मृतकों की पहचान 29 वर्षीय प्रिशिका और उसकी छह माह की बेटी शैलजा के रूप में हुई है। घटना के समय प्रिशिका अपने मायके में थी।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम प्रिशिका कमरे में थी, जबकि उसकी छोटी बहन किसी काम से बाहर गई थी। कुछ समय बाद जब वह लौटी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। बहन ने काफी आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद उसने अपने पिता को बुलाया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि प्रिशिका की शादी बिलासपुर जिले के नम्होल में हुई थी। उसका पति बीते रविवार को उसे मायके में पिता के पास छोड़कर गया था। इसके कुछ ही दिन बाद यह दर्दनाक घटना सामने आई।
बताया जा रहा है कि महिला ने बीती शाम करीब सात बजे बच्ची को पानी की बाल्टी में डुबोया और इसके बाद खुद भी फंदा लगा लिया। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। छोटी बहन को समान लाने दुकान भेजा था। पिता भी घर पर नहीं थे।
उधर, सोलन पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाएगी। पुलिस का कहना है कि महिला ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। एक मां और उसकी छह महीने की मासूम की मौत की इस घटना ने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने मां-बेटी के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
