शिलाई : जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने ग्राम पंचायत धारवा में राजकीय प्राथमिक पाठशाला के लिए 14.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने धारवा-बडालानी संपर्क मार्ग के प्रथम चरण के सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया, जिस पर 15 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
जनसभा को संबोधित करते हुए हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि धारवा-बडालानी संपर्क मार्ग के सुदृढ़ होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। वहीं, स्कूल में नए कमरे उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। प्रत्येक बच्चे तक समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया गया है, जबकि प्रदेश के 150 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है।
चौहान ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के रिक्त पदों को भी प्राथमिकता के आधार पर भरा जा रहा है। शिलाई विधानसभा क्षेत्र में अध्यापकों के 90 प्रतिशत पद भरे जा चुके हैं।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का जिक्र करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं के कई मामले सामने आए थे, जिससे युवाओं का विश्वास प्रभावित हुआ। वर्तमान सरकार ने सत्ता संभालने के बाद इन मामलों की जांच करवाकर जवाबदेही तय की और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की। अब राज्य चयन आयोग के माध्यम से भर्ती परीक्षाएं पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजित की जा रही हैं।
शिलाई में 400 करोड़ की विकास परियोजनाओं पर काम
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए विकास परियोजनाओं को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़कों के सुदृढ़ीकरण, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा पेयजल योजनाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन कार्यों के लिए करीब 400 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है और अधिकांश परियोजनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि क्षेत्र के हर गांव तक आधुनिक आधारभूत सुविधाएं पहुंचें। योजनाओं के पूरा होने के बाद लोगों को इनका सीधा लाभ मिलेगा।
इस दौरान उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने सामूहिक और व्यक्तिगत समस्याओं के साथ क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं। चौहान ने कहा कि जनकल्याण और क्षेत्र के विकास से जुड़ी उचित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
उद्योग मंत्री ने धारवा में नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य रोहित धीमान की ओर से आयोजित समारोह में भी शिरकत की।
इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, शिलाई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्याण धामटा, निदेशक एसआईडीसी रमेश देसाईक, ओएसडी अत्तर राणा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश शर्मा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति शिलाई पदम प्रकाश, प्रधान धारवा रीना नेगी, एसएमसी अध्यक्ष संजू देवी, शिलाई जोन अध्यक्ष गीता राम भंडारी, मस्त राम प्राशर, विद्यालय प्रभारी वीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
