हमीरपुर : हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में पेइंग गेस्ट (पीजी) में रह रही छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करने और उन्हें परेशान करने का मामला सामने आया है। मामला हमीरपुर शहर के वार्ड नंबर-10 का है। छात्राओं का आरोप है कि सामने वाले मकान में रहने वाला एक व्यक्ति आए दिन उन्हें देखकर अश्लील हरकतें करता था।
बताया जा रहा है कि छात्राएं हमीरपुर के एक संस्थान में पढ़ाई कर रही हैं। उनका आरोप है कि उक्त व्यक्ति लंबे समय से उन्हें देखकर आपत्तिजनक हरकतें करता आ रहा था। शुरुआत में छात्राओं ने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन जब उसकी हरकतें लगातार जारी रहीं तो उन्होंने उसका वीडियो बना लिया।
छात्राओं ने इस संबंध में पीजी के मकान मालिक सुरजीत गौतम को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद मकान मालिक ने स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी। छात्राओं ने भी पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है।
छात्राओं का कहना है कि हाल ही में जब उक्त व्यक्ति ने फिर से उन्हें देखकर अश्लील हरकतें कीं तो उन्होंने उसका वीडियो बना लिया। छात्राओं के अनुसार, कई दिनों तक चुप रहने के बाद उन्होंने परेशान होकर पुलिस से शिकायत करने का फैसला लिया।
उल्लेखनीय है कि हमीरपुर शहर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई और रोजगार के सिलसिले में पीजी में रहते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा के लिए पीजी के भीतर की व्यवस्था के साथ-साथ आसपास का माहौल भी महत्वपूर्ण है। छात्राओं की शिकायत के बाद अब पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
