कुल्लू : हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के आनी क्षेत्र में एनएच-305 पर मंगलवार तड़के करीब 3 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निगान-निमला के बीच मान सिंह प्रोजेक्ट के सामने एक कार (HP-35-9123) अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में पांच लोग सवार थे। इसमें चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
मृतकों की पहचान राहुल राणा, बाल कृष्ण, विकास उर्फ विक्की और गुंजन, सभी निवासी जाबोड़ा, डाकघर कराणा, तहसील आनी के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे जिला कुल्लू में मातम पसरा हुआ है। वहीं, घायल सुरेश कुमार निवासी जाबोड़ा को नागरिक अस्पताल आनी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे एमजीएमएससी अस्पताल रामपुर रेफर किया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, दमकल विभाग और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। गहरी खाई में गिरी कार तक पहुंचने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी और राहत एवं बचाव अभियान सुबह करीब 8 बजे तक चला।
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर हादसे की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। हादसे के बाद एनएच-305 पर सुरक्षा व्यवस्था और इस संवेदनशील मार्ग पर दुर्घटना संभावित स्थानों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
डीएसपी आनी राजीव ने दुर्घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है।
