होमEducationसरकारी मदद का नहीं किया इंतजार, ग्रामीणों ने खुद बीड़ा उठाकर तैयार...

सरकारी मदद का नहीं किया इंतजार, ग्रामीणों ने खुद बीड़ा उठाकर तैयार किया चार कमरों का स्कूल भवन, बच्ची से करवाया लोकार्पण

चंबीधार में स्थानीय ग्रामीणों, पूर्व विद्यार्थियों, समाजसेवियों और शिक्षकों ने सामूहिक एकजुटता और शिक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी की एक अनूठी मिसाल पेश की है।

राजगढ़ : शहीद कमनाराम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबीधार में स्थानीय ग्रामीणों, पूर्व विद्यार्थियों, समाजसेवियों और शिक्षकों ने सामूहिक एकजुटता तथा शिक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी की एक अनूठी मिसाल पेश की है।

विद्यालय के पुराने भवन को शिक्षा विभाग द्वारा असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद विद्यार्थियों की सुरक्षा और पढ़ाई को लेकर गंभीर संकट पैदा हो गया था। सरकारी प्रक्रिया के इंतजार में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए ग्रामीणों ने स्वयं आगे आकर नए भवन के निर्माण का बीड़ा उठाया।

स्थानीय लोगों ने अपनी क्षमता अनुसार आर्थिक योगदान दिया, वहीं विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों में राजमिस्त्री, पेंटर और अन्य कारीगरों ने बिना किसी पारिश्रमिक के दिन-रात श्रमदान किया। जनसहयोग और शारीरिक योगदान के बल पर मात्र दो लाख रुपये की लागत में विद्यार्थियों के लिए चार सुंदर और सुरक्षित कमरों का निर्माण पूरा कर लिया गया।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में आवारा कुत्तों के प्रबंधन के लिए जल्द शुरू होगा एनिमल बर्थ कंट्रोल कार्यक्रम, वार्डवार बनेंगे फीडिंग प्वाइंट
सरकारी मदद का नहीं किया इंतजार, ग्रामीणों ने खुद बीड़ा उठाकर तैयार किया चार कमरों का स्कूल भवन, बच्ची से करवाया लोकार्पण
स्कूल भवन का लोकार्पण करतीं आठवीं कक्षा की छात्रा।

इस पूरी पहल का सबसे प्रेरणादायक पहलू इसका लोकार्पण समारोह रहा। नवरात्र के पावन अवसर पर ग्रामीणों ने किसी मंत्री, नेता या प्रशासनिक अधिकारी को मुख्य अतिथि बनाने के बजाय विद्यालय की आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली अनुसूचित जाति की अनाथ छात्रा पूजा के कर-कमलों से नए भवन का उद्घाटन करवाया।

ग्रामीणों के इस कदम ने न केवल उस मासूम बच्ची को समाज में मान-सम्मान और बराबरी का अहसास कराया, बल्कि पूरे क्षेत्र में समानता और मानवीय संवेदना का एक बड़ा संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कमल दत्त शर्मा ने कहा कि ग्रामीणों और पूर्व छात्रों की सामूहिक इच्छाशक्ति ने यह साबित कर दिया है कि जनभागीदारी से शिक्षा के क्षेत्र की बड़ी से बड़ी समस्याओं का समाधान संभव है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर: संगड़ाह में इस हालत में मिला लापता 22 वर्षीय युवक का शव, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

इस गरिमामयी अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य अंजली सूद, एसएमसी अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर, पूर्व शिक्षिका मीरा शर्मा, बलदेव बड़ोठी, रूप सिंह शास्त्री, महेश शर्मा, बृजमोहन सहित समस्त विद्यालय स्टाफ और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More