चंबा : विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने शुक्रवार को चंबा के ऐतिहासिक चौगान में 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता (मेजर गेम्स) के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि भाग लेते हुए खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली और ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। विधायक नीरज नैय्यर इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
चार दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान प्रदेश के सभी जिलों से 750 के करीब खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में फुटबॉल, हॉकी, बास्केटबॉल, हैंडबॉल तथा रग्बी के मुकाबले आयोजित होंगे।
कुलदीप सिंह पठानिया ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने-अपने जिलों का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित कर रहा है। प्रदेश में विभिन्न स्तरों पर खेल मैदानों और स्टेडियमों का विकास किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा खेलों को आजीविका का सशक्त माध्यम बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि सहित अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए बेहतर पुरस्कार राशि प्रदान करने वाले देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने हाल ही में संपन्न एशियाई खेलों में प्रदेश के पदक विजेता खिलाड़ियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा पुरस्कार राशि में वृद्धि तथा ओलंपिक खेलों में पदक विजेताओं के लिए प्रोत्साहन राशि निर्धारित करने जैसे निर्णय खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगे।
उन्होंने इस अवसर पर एशियाई खेलों में पदक विजेता चंबा की बेटी सीमा कुमारी पर गर्व व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को उनसे प्रेरणा लेकर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। कुलदीप सिंह पठानिया ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चिट्टा उन्मूलन के लिए सक्रियता से कार्य कर रही है।

