राजगढ़ : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के अंतर महाविद्यालय युवा महोत्सव ग्रुप-2 में राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ के विद्यार्थी अक्षित ने लोकगीत एकल गायन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है।
राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 41 महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अक्षित ने अपनी मधुर आवाज, सुरों पर मजबूत पकड़ और शानदार प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
अक्षित की इस सफलता से राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ में खुशी का माहौल है। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीनू भास्कर ने अक्षित को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने संगीत विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सविता सहगल को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और विद्यार्थी को प्रतियोगिता के लिए तैयार करने में उनके मार्गदर्शन एवं प्रयासों की सराहना की।
प्राचार्य डॉ. मीनू भास्कर ने कहा कि अक्षित की उपलब्धि उसकी मेहनत, लगन और संगीत के प्रति समर्पण का परिणाम है। इस तरह की सफलताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करती हैं।
प्रदेश स्तर के इस युवा महोत्सव में अक्षित का दूसरा स्थान हासिल करना राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ के लिए गर्व की बात है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिली है।

