मंडी : हिमाचल प्रदेश का जिला मंडी के उपमंडल पद्धर के झटिंगरी स्थित फुलाधार में वीरवार दोपहर बाद पैराग्लाइडिंग के दौरान हादसा हो गया।
तेज हवा के झोंकों के कारण पैराग्लाइडर पर नियंत्रण खोने से रूस की 41 वर्षीय महिला पायलट कसेनिया घायल हो गईं। हादसे में उनकी दाईं टांग फ्रैक्चर हो गई।
जानकारी के अनुसार, कसेनिया ने बीड़ से पैराग्लाइडिंग के लिए उड़ान भरी थी। दोपहर करीब तीन बजे फुलाधार के पास तेज हवा चलने के कारण वह पैराग्लाइडर पर नियंत्रण नहीं रख पाईं और दुर्घटनाग्रस्त हो गईं।
हादसे के बाद घायल महिला को टैक्सी के माध्यम से झटिंगरी पहुंचाया गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें नागरिक अस्पताल जोगेंद्रनगर ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के समय झटिंगरी और घोघरधार क्षेत्र में कई पैराग्लाइडर पायलट उड़ान भर रहे थे।

