नाहन : जिला सिरमौर के धारटीधार क्षेत्र के बिरला निवासी शूटिंग कोच रविंद्र प्रकाश ने प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा और प्रशिक्षण कौशल का परचम लहराया है।
उन्हें हिमाचल के श्रेष्ठ कोच के अवार्ड से सम्मानित किया गया है। शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
भारतीय सेना में सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त रविंद्र प्रकाश स्वयं भी निशानेबाजी में राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता रहे हैं। वर्तमान में वह इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स शिमला में सरकारी शूटिंग कोच के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि से धारटीधार क्षेत्र में खुशी की लहर है।
बता दें कि मुख्यमंत्री ने शिमला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को हिम रतन-2026 पुरस्कार से सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रदेश के 419 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को कुल 17.85 करोड़ रुपये के चेक वितरित किए गए। इनमें 51 खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय और 368 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल की थीं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को 13.55 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को 4.30 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने एथलेटिक्स में अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्र स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में रजत पदक विजेता सावन बरवाल को 2.64 करोड़ रुपये, एथलेटिक्स में अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्र स्तर की विभिन्न प्रतियोगिता में कांस्य पदक विजेता सीमा कुमारी को 1.99 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्र स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए रेणुका को 2.20 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की।
कबड्डी खिलाड़ी पुष्पा राणा और भावना ठाकुर को अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्र स्तरीय की विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए 1.04-1.04 करोड़ रुपये, वहीं रितु नेगी और ज्योति ठाकुर को 1.02-1.02 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की।

