नाहन : निशाने पर सटीक वार और लगातार बेहतर प्रदर्शन ने हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग क्लब धौलाकुआं के दो खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा दिया है।
देवांश चौहान और राजेश कुमार ने देहरादून में आयोजित 35वीं अखिल भारतीय जी.वी. मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है।
दोनों निशानेबाज नवंबर में मध्य प्रदेश के भोपाल में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग क्लब के अध्यक्ष एवं छठी भारतीय रिजर्व बटालियन धौलाकुआं के कमांडेंट भागमल ठाकुर, क्लब के उपाध्यक्ष एवं उपकमान प्रमुख प्रवीर ठाकुर और कोच इंस्पेक्टर सुरेश चौहान ने बताया कि 35वीं अखिल भारतीय जी.वी. मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप में क्लब के खिलाड़ियों ने शानदार निशानेबाजी, निरंतरता और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।
इसी प्रदर्शन के दम पर दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाई। देवांश चौहान ने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल (.32 बोर) स्पर्धा में 300 में से 273 अंक हासिल कर क्वालीफाई किया।
वहीं, राजेश कुमार ने 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल (.22 बोर) स्पर्धा में 300 में से 276 अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय चैंपियनशिप का टिकट पक्का किया।
क्लब के उपाध्यक्ष एवं उपकमान प्रमुख प्रवीर ठाकुर ने विश्वास जताया कि दोनों निशानेबाज राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखेंगे और हिमाचल प्रदेश पुलिस का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों के समर्पण, कड़ी मेहनत और अनुशासित प्रशिक्षण का परिणाम है। साथ ही, यह हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग क्लब धौलाकुआं की ओर से शूटिंग खेलों को बढ़ावा देने और उभरते व पेशेवर निशानेबाजों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयासों को भी दर्शाती है।

