होमHimachalMandiDC अपूर्व देवगन ने तंबाकूमुक्त युवा अभियान 4.0 का किया शुभारंभ, सेरी...

DC अपूर्व देवगन ने तंबाकूमुक्त युवा अभियान 4.0 का किया शुभारंभ, सेरी मंच से जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू एवं निकोटीन की लत से बचाना तथा जिले के सभी शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों को तंबाकू मुक्त बनाना है।

मंडी : उपायुक्त अपूर्व देवगन ने शुक्रवार को सेरी मंच मंडी से 60 दिवसीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों के साथ जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह अभियान 26 दिसंबर, 2026 तक पूरे जिले में संचालित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू एवं निकोटीन की लत से बचाना तथा जिले के सभी शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों को तंबाकू मुक्त बनाना है।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सहित जिला मंडी में पिछले कुछ वर्षों से तंबाकू नियंत्रण एवं इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस अभियान को सफल बनाने में सभी विभागों और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि आगामी दो महीनों के दौरान विशेष रूप से शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए निर्धारित मापदंडों के अनुसार प्रत्येक शिक्षण संस्थान की बाहरी सीमा से 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक सुनिश्चित की जाएगी।

ये भी पढ़ें:  मंडी के सेरी मंच पर 13 से 15 तक लगेगा ‘सेवा सेतु’ पंजीकरण शिविर, एक स्थान पर मिलेगी ये सारी जानकारी

इस दिशा में स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग, शिक्षा विभाग तथा संबंधित प्रवर्तन एजेंसियां संयुक्त रूप से कार्य करेंगी। उन्होंने शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों से भी अपने परिसरों को तंबाकू मुक्त बनाए रखने के लिए विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू का सेवन विशेष रूप से युवाओं के लिए चिंताजनक है, क्योंकि इसकी शुरुआत अक्सर किशोरावस्था में होती है। तंबाकू एवं निकोटीन की लत आगे चलकर अन्य नशीले पदार्थों के सेवन का जोखिम भी बढ़ा सकती है। इसलिए अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के प्रत्येक सदस्य को यह सुनिश्चित करने के लिए जागरूक रहना होगा कि युवा पीढ़ी तंबाकू के सेवन से दूर रहे।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों, विकास खंड अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के सहयोग से व्यापक जन-जागरूकता एवं प्रवर्तन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आने वाले दिनों में मंडी में वॉकाथॉन का आयोजन भी किया जाएगा, जिसके माध्यम से नशे के विरुद्ध जनभागीदारी का संदेश दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें:  कॉम्प्लेक्स सिस्टम के विरुद्ध PTF ने खोला मोर्चा, नाहन सहित जिलाभर में हुए प्रदर्शन

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष जिला मंडी ने तंबाकू मुक्त युवा अभियान के अंतर्गत उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की थीं। जिले के 1,049 शिक्षण संस्थानों तथा 68 गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित किया गया था।

इस वर्ष जिले के सभी शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने तथा तंबाकू मुक्त गांवों की संख्या में कम से कम 50 प्रतिशत वृद्धि करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त सभी सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक भवनों को तंबाकू मुक्त बनाने और जिला एवं खंड स्तर पर गठित टीमों के माध्यम से सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाने पर विशेष बल दिया जाएगा।

अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं सामुदायिक स्तर पर रैलियों, नुक्कड़ नाटकों, प्रभात फेरियों, मैराथन तथा सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। तंबाकू नियंत्रण कानूनों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थलों पर तंबाकू सेवन एवं बिक्री पर रोक सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों की टीमें नियमित निरीक्षण करेंगी।

ये भी पढ़ें:  बैठक से गायब अफसरों पर गिरी गाज, एडीसी का सख्त संदेश- नशे पर चाहिए ठोस कार्रवाई

उपायुक्त ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि वे तंबाकू के दुष्प्रभावों और इसके नियंत्रण को लेकर समय-समय पर जन-जागरूकता फैलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही युवा पीढ़ी को तंबाकू की लत से बचाकर स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा आईटीआई के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More