शिमला : हिमाचल प्रदेश में भैया दूज पर इस बार महिला कर्मचारियों के साथ पुरुष कर्मचारियों को भी छुट्टी मिलेगी।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को इस संबंध में फैसला लिया। इसके बाद राज्य सरकार ने 11 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करते हुए अधिसूचना जारी कर दी है।
इस फैसले के चलते बुधवार को प्रदेश के सभी सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों और शिक्षण संस्थानों में अवकाश रहेगा।
अवकाश को लेकर प्रस्ताव मुख्यमंत्री के पास भेजा गया था। मंगलवार दोपहर बाद मुख्यमंत्री ने इसे मंजूरी दे दी। इससे पहले भैया दूज पर केवल महिला कर्मचारियों को ही विशेष अवकाश मिलता था, लेकिन इस बार पुरुष कर्मचारियों को भी इसमें शामिल किया गया है। स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी 11 नवंबर को छुट्टी रहेगी।
रक्षाबंधन और करवाचौथ पर भी बदली थी व्यवस्था
मुख्यमंत्री सुक्खू इससे पहले रक्षाबंधन और करवाचौथ पर भी पुरुष कर्मचारियों को अवकाश देने का निर्णय ले चुके हैं। पहले इन त्योहारों पर केवल महिला कर्मचारियों को ही छुट्टी मिलती थी। सरकार ने अब भैया दूज पर भी सभी कर्मचारियों को अवकाश देकर इस व्यवस्था में बदलाव किया है।
महिलाओं को HRTC बसों में मुफ्त सफर
भैया दूज के अवसर पर महिलाओं को हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा भी मिलेगी। हिमाचल प्रदेश की सीमा के भीतर यात्रा करने वाली महिलाओं से किराया नहीं लिया जाएगा। यह सुविधा निगम की ओर से हर वर्ष रक्षाबंधन और भैया दूज पर दी जाती है। निगम की सामान्य बसों में इन दोनों त्योहारों पर महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा देने का प्रावधान है।




