कुल्लू : देवभूमि हिमाचल के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में आस्था और देव संस्कृति का ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने पूरी कुल्लू घाटी को भक्तिमय कर दिया।
सैकड़ों देवी-देवताओं की मौजूदगी और भगवान रघुनाथ जी की भव्य रथ यात्रा के साथ सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव 2026 का आगाज हो गया। जैसे ही भगवान रघुनाथ जी का रथ ढालपुर मैदान में पहुंचा, जय श्रीराम के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। रथ यात्रा में शामिल होने और भगवान का रथ खींचने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
रथ यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों, करनाल, नरसिंगे और शहनाई की धुनों ने माहौल को पूरी तरह देवमय बना दिया। विभिन्न घाटियों से पहुंचे देवी-देवताओं के साथ आए देवलुओं ने पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य कर लोक संस्कृति की अनूठी छटा बिखेरी। हालांकि, इस बार रथ यात्रा पिछले वर्ष की तुलना में करीब 40 मिनट देरी से शुरू हुई, लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
1660 से चली आ रही देव परंपरा
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा की सबसे बड़ी विशेषता यहां जुटने वाले देवी-देवता हैं। ढालपुर मैदान में देवी-देवताओं के आगमन की परंपरा वर्ष 1660 में शुरू हुई थी। उस समय कुल्लू के राजा स्वयं देवी-देवताओं को उत्सव में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजते थे।
अब यह जिम्मेदारी जिला प्रशासन निभाता है। इस वर्ष उत्सव में शामिल होने के लिए कुल 347 देवी-देवताओं को निमंत्रण भेजा गया है। 21 से 27 अक्तूबर तक चलने वाले इस देव महाकुंभ में देवी-देवता अपने निर्धारित स्थानों और अस्थायी शिविरों में विराजमान रहेंगे।
अगले सात दिनों तक ढालपुर मैदान में धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला जारी रहेगा। सुबह और शाम देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना और आरती होगी। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच होने वाले ये धार्मिक आयोजन कुल्लू दशहरा की सदियों पुरानी देव परंपरा को जीवंत बनाए रखेंगे।
10 देशों के सांस्कृतिक दल दिखाएंगे हुनर
इस बार कुल्लू दशहरा केवल देव संस्कृति तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान का भी बड़ा मंच बनेगा। उत्सव में इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, अमेरिका, रूस, थाईलैंड, मलेशिया, मिस्र, श्रीलंका और नेपाल सहित 10 देशों के सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। सात दिनों तक चलने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में देश-विदेश की कला और लोक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।
1265 जवान संभालेंगे सुरक्षा का जिम्मा
उत्सव में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 1265 पुलिस और सुरक्षा जवान तैनात किए गए हैं। वहीं, असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने और भीड़ की निगरानी के लिए 155 सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन कैमरों की भी मदद ली जा रही है।
युवाओं को राज्यपाल ने दिया बड़ा संदेश
उत्सव के शुभारंभ अवसर पर राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि देव संस्कृति और लोक संस्कृति का अनूठा संगम कुल्लू दशहरा को विशिष्ट पहचान प्रदान करता है। यही विशेषता इसे देश के सांस्कृतिक मानचित्र पर अलग स्थान दिलाती है। उन्होंने कहा कि परंपराएं केवल अतीत की विरासत नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए मार्गदर्शन का स्रोत भी हैं। इनका संरक्षण करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विजयादशमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राज्यपाल ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, कर्तव्य, त्याग, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से नशाखोरी, हिंसा, भ्रष्टाचार और सामाजिक वैमनस्य जैसी बुराइयों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर काम करना चाहिए।
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके लिए आर्थिक समृद्धि, तकनीकी उन्नति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, नए कौशल सीखने, तकनीक और नवाचार अपनाने तथा अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने की अपील की।
राज्यपाल ने हिमाचल के पर्वतों, वनों, नदियों और जैव विविधता को प्रदेश की अमूल्य प्राकृतिक संपदा बताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल की देव परंपराएं भी प्रकृति के प्रति सम्मान और सह-अस्तित्व का संदेश देती हैं। ऐसे में विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देनी होगी।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के साथ पर्यटन, स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों, रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच है। उत्सव से होने वाले आर्थिक लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंचने चाहिए और इसकी पारंपरिक पहचान भी बरकरार रहनी चाहिए।
राज्यपाल ने भगवान रघुनाथ जी से हिमाचल प्रदेश सहित पूरे देश की शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों और गैर-सरकारी संगठनों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का उद्घाटन किया तथा विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर प्रदर्शित उत्पादों और सामग्री की सराहना की। कुल्लू पहुंचने पर राज्यपाल का भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय करोल, पूर्व सांसद एवं हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, भुवनेश्वर गौड़, लोकेंद्र कुमार, सुरेंद्र शौरी, उपायुक्त अमित कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस. सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




