बिलासपुर : हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में दो छात्राओं से जुड़ी घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घुमारवीं के सीर खड्ड क्षेत्र में रविवार देर शाम दोनों के खड्ड में होने की सूचना मिली। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत तलाश अभियान शुरू किया। इस दौरान एक छात्रा का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरी का देर रात तक कोई पता नहीं चल पाया था।
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्राएं बरमाणा क्षेत्र की रहने वाली थीं और दसवीं कक्षा में पढ़ती थीं। दोनों शनिवार की सुबह घर से सुंदरनगर में परीक्षा देने की बात कहकर निकली थीं।
परिजनों को उम्मीद थी कि परीक्षा के बाद वे शाम तक घर लौट आएंगी, लेकिन देर शाम तक दोनों के वापस नहीं पहुंचने पर परिवार की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू की।
बताया जा रहा है कि इनमें से एक छात्रा अपने ननिहाल में रहती थी, जबकि दूसरी उसकी सहेली थी। परिजनों को रविवार को जानकारी मिली कि दोनों घुमारवीं में हैं। इसके बाद परिवार की ओर से दो युवकों को उनकी तलाश के लिए वहां भेजा गया। इसी दौरान सीर खड्ड क्षेत्र में यह घटना सामने आई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से तलाश अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद एक छात्रा का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरी की तलाश जारी रही। अंधेरा होने और खड्ड में पानी बेहद ठंडा होने के कारण अभियान में मुश्किलें आईं।
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरी की तलाश की जा रही है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई।
- ये भी पढ़ें : नालागढ़ में बाइक की तलाशी के दौरान मिला चिट्टा, पंजाब और सोलन के दो युवक गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी
- ये भी पढ़ें : राजगढ़ में 10 साल के मासूम को कुत्ते ने नोंचा, पिता की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस




