सराहां : उद्योग, संसदीय कार्य, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने सराहां अस्पताल में शीघ्र ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के भवन को तीन माह के भीतर पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
सराहां अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी, वहीं आईटीआई भवन का निर्माण पूरा होने से युवाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
उद्योग मंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में जिला सिरमौर की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में प्रदेश में टीजीटी के 400 पद भरे गए हैं, जिनमें 102 पदों पर सिरमौर के युवाओं ने सफलता हासिल की है। इसी तरह सीबीएसई के 84 पदों में से 22 पद सिरमौर के युवाओं को मिले हैं। इनमें अकेले शिलाई क्षेत्र के 14 युवा शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश सरकार स्वरोजगार, कृषि, बागवानी, पशुपालन, लघु उद्योगों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दे रही है। इसका उद्देश्य ग्रामीण आबादी की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाना है।
इससे पहले उद्योग मंत्री ने सराहां में नगरकोटी फिलिंग स्टेशन का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने संचालकों को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पेट्रोल पंप शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी पेट्रोलियम उत्पादों की सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, प्रदेश कांग्रेस सचिव दयाल प्यारी, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीलम शर्मा, एसडीएम पच्छाद प्रियंका चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
- ये भी पढ़ें : मेडिकल कॉलेज नेरचौक में अबतक दो सौ से ज्यादा रोबोटिक सर्जरी, विश्वस्तरीय तकनीक मरीजों के लिए बनी वरदान
- ये भी पढ़ें : NCC दिवस पर शमशेर स्कूल नाहन में कैडेट्स ने दिखाया गजब का हुनर, आदित्य सिंह तीन प्रतियोगिताओं में अव्वल





