कांगड़ा : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को कांगड़ा जिले के ढगवार में लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र का निरीक्षण किया।
इस अत्याधुनिक संयंत्र की प्रतिदिन 1.5 लाख लीटर दूध प्रसंस्करण करने की क्षमता होगी। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के आवश्यक निर्देश दिए।
इसके उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संयंत्र का लोकार्पण जनवरी 2027 में किया जाएगा। इस परियोजना से कांगड़ा, ऊना, चंबा और हमीरपुर जिलों के हजारों दुग्ध उत्पादक किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति सृदृढ़ होगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों व पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार किसानों को उनकी उपज का अधिक से अधिक लाभ सुनिश्चित करने और अधिक पैसा सीधे उनके हाथों में पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संयंत्र में उच्च गुणवत्तायुक्त दुग्ध उत्पाद तैयार करने के निर्देश दिए। इस संयंत्र में मोजरेला चीज, पनीर, दही, घी और मक्खन सहित विभिन्न उत्पादों का निर्माण किया जाएगा, जिन्हें ‘हिम’ ब्रांड के तहत बाजार में उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना का परीक्षण कार्य जारी है और शीघ्र ही उत्पादन शुरू कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दुग्ध सहकारी समितियों के पंजीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक किसानों को इन समितियों से जोड़ने के निर्देश भी दिए, ताकि संयंत्र के लिए पर्याप्त मात्रा में दूध की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार संयंत्र के डिजिटलीकरण के लिए 1.25 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाएगी, जबकि इसके सुचारू एवं प्रभावी संचालन के लिए 29.49 करोड़ रुपये की कार्यशील पूंजी भी प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ढगवार दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र चार जिलों के दुग्ध उत्पादक किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में मील पत्थर साबित होगा। इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार एवं आर्थिक विकास के नए अवसर सृजित होंगे तथा दुग्ध क्षेत्र को नई गति मिलेगी।
- ये भी पढ़ें : उद्योग मंत्री का सिरमौर प्रवास कार्यक्रम तय, श्री रेणुकाजी मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या में करेंगे शिरकत, PHC भवन की नींव भी रखेंगे
- ये भी पढ़ें : चैतड़ू में STPI केंद्र का उद्घाटन, CM सुक्खू बोले- अगले 5 साल में 400 युवाओं को मिलेगा रोजगार





