हिमाचल प्रदेश में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रोजगार पाने का अच्छा अवसर है। प्रदेश के मंडी, सोलन और कुल्लू जिला में विभिन्न कंपनियों की ओर से कुल 315 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इसके लिए 27 और 28 नवंबर, 2026 को अलग-अलग स्थानों पर कैंपस इंटरव्यू आयोजित होंगे। इन भर्तियों में 10वीं, 12वीं और आईटीआई पास युवक-युवतियां अपनी योग्यता के अनुसार भाग ले सकते हैं।
मंडी : जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि एयर कंडीशनिंग एवं कमर्शियल रेफ्रिजरेशन के क्षेत्र की अग्रणी कंपनी ब्लू स्टार इंडिया लिमिटेड की ओर से जिला रोजगार कार्यालय को कुल 200 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना प्राप्त हुई है। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कंपनी में पीएमआईएस ट्रेनी, अप्रेंटिसशिप तथा फिक्स्ड टर्म ऑपरेटर के पदों पर फ्रेशर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। साक्षात्कार 27 व 28 नवंबर, 2026 को मंडी व सरकाघाट में होंगे।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए अभ्यर्थी का संबंधित ट्रेड में इलेक्ट्रिशियन, फिटर, वेल्डर, रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग, मोटर मैकेनिक, टर्नर, पम्प ऑपरेटर अथवा इलेक्ट्रॉनिक्स में आईटीआई उत्तीर्ण होना आवश्यक है। पात्र युवक एवं युवतियां दोनों ही साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
अभ्यर्थियों की आयु 18 से 25 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। कंपनी की विनिर्माण इकाई कालाअंब, जिला सिरमौर (हिप्र) में स्थित है, जहां चयनित अभ्यर्थियों को कार्य करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि पीएमआईएस ट्रेनी एवं अप्रेंटिसशिप के पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को 16,000 रुपये प्रतिमाह तथा फिक्स्ड टर्म ऑपरेटर के पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को 20,800 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ कंपनी द्वारा रियायती दरों पर भोजन, निःशुल्क चाय, नाश्ता, दो यूनिफॉर्म तथा कार्य की आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा उपकरण जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों (आईटीआई के विस्तृत अंक प्रमाण पत्र), उनकी एक-एक छायाप्रति, दो पासपोर्ट आकार के फोटो, आधार कार्ड, बैंक पास बुक, पैन कार्ड, रोजगार कार्यालय पंजीकरण पत्र तथा नवीनतम बायोडाटा सहित निर्धारित तिथि को साक्षात्कार में उपस्थित हो सकते हैं। यह साक्षात्कार जिला रोजगार कार्यालय, मंडी में 27 नवंबर, 2026 को प्रातः 10.30 बजे तथा उप-रोजगार कार्यालय, सरकाघाट में 28 नवंबर, 2026 को प्रातः 10.30 बजे होंगे।
उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करिअर सेंटर मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 अथवा सम्बन्धित नियोक्ता के मोबाइल नंबर 91-96500-74838 पर संपर्क किया जा सकता है।
95 पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू 27 नवंबर को
सोलन : मैसर्ज एक्मे जेनेरिक्स प्राईवेट लिमिटेड, बद्दी द्वारा हेल्पर के 60 पदों, मैसर्ज पिनैकल लाइफ साइंस प्राईवेट लिमिटेड, बद्दी द्वारा अप्रेंटिस के 15 पदों तथा मैसर्ज वीनस रेमेडीज लिमिटेड, बद्दी द्वारा हेल्पर के 20 पदों सहित कुल 95 पदों पर भर्ती के लिए दिनांक 27 नवंबर, 2026 को मॉडल करिअर सेंटर (उप-रोजगार कार्यालय) बद्दी, नजदीक गुरुद्वारा संडोली, जिला सोलन में कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी ज़िला रोज़गार अधिकारी सोलन ने दी।
उन्होंने कहा कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं तथा आई.टी.आई. निर्धारित की गई है तथा आयु सीमा 20 से 26 वर्ष के मध्य रखी गई है। इन पदों की विस्तृत जानकारी आवेदक विभागीय पोर्टल ईईएमआईएस पर प्राप्त कर सकते हैं। सभी योग्य एवं इच्छुक आवेदक विभागीय पोर्टल ईईएमआईएस पर कैंडिडेट लॉगइन टैब के माध्यम से पंजीकृत होने के उपरांत अपनी पंजीकरण प्रोफ़ाइल पर अधिसूचित रिक्तियों के लिए अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन करने से पूर्व प्रत्येक आवेदक का नाम रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार अपनी योग्यता संबंधी सभी अनिवार्य प्रमाण-पत्रों एवं दस्तावेजों सहित मॉडल कैरियर सेंटर (उप-रोजगार कार्यालय), बद्दी, नजदीक गुरुद्वारा संडोली, जिला सोलन में 27 नवंबर, 2026 को सुबह 10ः30 बजे पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं।
जिला रोजगार अधिकारी ने कहा कि कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 98726-40412 तथा 98169-28706 पर संपर्क किया जा सकता है।
यहां भरे जाएंगे 20 पद
कुल्लू : जिला रोजगार अधिकारी विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘भारत बुकिंग हॉलिडेज इंडिया प्रा. लि.’ (भारत बुकिंग हॉलिडेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड), मनाली द्वारा सेल्स एग्जीक्यूटिव (सेल एग्जीक्यूटिव) और सर्विस एग्जीक्यूटिव (सर्विस एग्जीक्यूटिव) के कुल 20 रिक्त पदों को भरने के लिए इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा।
इन पदों के लिए महिला और पुरुष दोनों उम्मीदवार पात्र हैं, जिनके लिए अभ्यर्थी मनाली रहेंगे और अभ्यर्थियों को ₹12,000 मासिक वेतनमान दिया जाएगा। अभ्यर्थियों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास और आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
योग्य एवं अपेक्षित अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के दिन अपने सभी आवश्यक मूल दस्तावेज जैसे हिमाचली प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण प्रमाण पत्र और शैक्षणिक प्रमाण पत्रों सहित जिला रोजगार कार्यालय कुल्लू में उपस्थित होना होगा।
साक्षात्कार में भाग लेने के लिए उम्मीदवार का नाम हिमाचल प्रदेश के किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है और यदि पंजीकरण नहीं है, तो वे ऑनलाइन पोर्टल www.eemis.hp.nic.in के माध्यम से अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
इस साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता या अन्य भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय कुल्लू के दूरभाष नंबर 01902-222522 पर संपर्क किया जा सकता है।
- ये भी पढ़ें : बिजली बिल न भरने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की तैयारी, सिरमौर के इस उपमंडल में जेई को कनेक्शन काटने के आदेश
- ये भी पढ़ें : सिरमौर के सरकारी स्कूलों में आया-हेल्पर के 48 पदों पर निकली भर्ती, 25 और 26 नवंबर को होंगे इंटरव्यू





