नाहन : संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली गई भव्य शोभायात्रा सोमवार को परवाणु-कुमारहट्टी-नैनाटिक्कर होते हुए नाहन पहुंची। नाहन पहुंचने पर शोभायात्रा का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर संत रविदास जी महाराज को पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा एक सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम ने की तथा मुख्य वक्ता के रूप में लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि श्री रविदास जी महाराज की शिक्षाएं 650 वर्ष पूर्व भी उतनी ही तर्कसंगत थीं और आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं। संत रविदास जी ने अपने विचारों और वाणी के माध्यम से समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि संत रविदास जी का संदेश था कि- “जाति-पाति पूछे नहीं कोई, हरि को भजे सो हरि का होई।” अर्थात प्रभु का, श्रीराम का और हरि का भजन करने वाला भगवान का होता है।
इसलिए जातिगत आधार पर समाज को बांटना न धर्म के हित में है, न सनातन के हित में और न ही देश के हित में। हमें संतों की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करना चाहिए।
डॉ. बिंदल ने कांग्रेस पार्टी की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि आजादी के बाद से लेकर कांग्रेस ने अंग्रेजों की नीति को अपनाया और भारतीय समाज में लगातार फूट डालते हुए वोट लेने का काम किया। कांग्रेस पार्टी आज भी फूट डालो और राज करो की नीति पर काम कर रही है। समाज का ताना-बाना तोड़ने का महापाप कांग्रेस पार्टी ने किया है और भारत की करोड़ों-करोड़ों जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश की सामाजिक एकता और अखंडता को बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। संत रविदास जी महाराज जैसे महान संतों ने सदैव समाज को जोड़ने और सभी को समान दृष्टि से देखने की प्रेरणा दी है। उनकी शिक्षाएं आज के समय में भी समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रही हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की यह यात्रा सामाजिक समरसता का संदेश लेकर आई है। भारत माता के सभी पुत्र और पुत्रियां आपस में भाई-बहन हैं। यही भाव प्रत्येक व्यक्ति के मन में जागृत होना चाहिए।
समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर परस्पर सम्मान, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करना ही इस यात्रा का उद्देश्य है। यह यात्रा संत रविदास जी महाराज के विचारों और उनके समरस समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है।
- ये भी पढ़ें : संविधान की प्रति लहराने वाले पहले उसे पढ़ें, जाति-धर्म के नाम पर समाज बांटना बंद करे कांग्रेस: बांसुरी स्वराज
- ये भी पढ़ें : मेडिकल कॉलेज नेरचौक में अबतक दो सौ से ज्यादा रोबोटिक सर्जरी, विश्वस्तरीय तकनीक मरीजों के लिए बनी वरदान





