शिमला : हिमाचल प्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारियों की सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) और अन्य समान निधियों में जमा राशि पर अक्तूबर से दिसंबर 2026 तक 7.1 फीसदी ब्याज देने का फैसला लिया है।
वित्त विभाग ने वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही के लिए ब्याज दर निर्धारित करते हुए इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
इसके तहत पहली अक्तूबर से 31 दिसंबर तक कर्मचारियों के जीपीएफ खातों में जमा राशि पर 7.1 फीसदी सालाना ब्याज दर लागू रहेगी। वित्त विनियमन विभाग की ओर से जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित ब्याज दर सामान्य भविष्य निधि के साथ अन्य समान निधियों के अंशदाताओं के खातों में जमा राशि पर भी लागू होगी।
यह दर तीन महीने की अवधि के लिए प्रभावी रहेगी। यानी कर्मचारियों को 7.1 फीसदी की सालाना दर के आधार पर तीन महीने का ब्याज मिलेगा।
इससे पहले भी इस साल यही ब्याज दर निर्धारित थी, जिसमें कोई बदलाव आगे भी नहीं होगा। जीपीएफ सरकारी कर्मचारियों की दीर्घकालीन बचत का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें कर्मचारियों के वेतन से नियमित अंशदान जमा होता है।
इस जमा राशि पर सरकार की ओर से समय-समय पर निर्धारित ब्याज दिया जाता है। तीसरी तिमाही के लिए 7.1 फीसदी दर तय होने से कर्मचारियों को अपनी भविष्य निधि में जमा धनराशि पर इसी दर से ब्याज मिलेगा।
- ये भी पढ़ें : निवेश विधेयक पास होने से हिमाचल के उद्योग जगत को जगी बड़ी उम्मीद, रूपेंद्र ठाकुर बोले- अब औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार
- ये भी पढ़ें : वन कर्मचारी महासंघ के चुनाव में दिनेश कुमार को प्रदेशाध्यक्ष की कमान, नाहन के नायब सिंह को राज्य स्तर पर मिली ये बड़ी जिम्मेदारी





