होमNationalपैकेटबंद खाने पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, ज्यादा चीनी-नमक और फैट...

पैकेटबंद खाने पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, ज्यादा चीनी-नमक और फैट वाले फूड पैकेट पर लगाने होंगे अलग निशान

कोर्ट ने कहा कि जिन खाद्य पदार्थों में इन तत्वों की मात्रा निर्धारित सीमा से ज्यादा है, उनके पैकेट के सामने अलग-अलग चेतावनी वाले निशान लगाने होंगे।

नई दिल्ली : पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में चीनी, नमक और फैट की अधिक मात्रा को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश दिए हैं।

कोर्ट ने कहा कि जिन खाद्य पदार्थों में इन तत्वों की मात्रा निर्धारित सीमा से ज्यादा है, उनके पैकेट के सामने अलग-अलग चेतावनी वाले निशान लगाने होंगे। इससे ग्राहकों को खरीदारी के समय यह पहचानने में आसानी होगी कि किसी उत्पाद में किस तत्व की मात्रा अधिक है।

जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को इस व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए हैं।

ये भी पढ़ें:  अहमदाबाद से लंदन जा रहा विमान क्रैश, टेक ऑफ के तुरंत बाद हुआ बड़ा हादसा, आसमान में उठे धुएं के काले गुबार

सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि खाद्य पदार्थों के पैकेट पर चेतावनी का निशान लाल रंग के षट्कोण यानी छह कोनों वाले आकार में होना चाहिए। इसके भीतर संबंधित जानकारी और चित्र भी होना चाहिए। मसलन, हाई शुगर, हाई सॉल्ट और हाई फैट की चेतावनी स्पष्ट रूप से अंकित होनी चाहिए।

यदि किसी खाद्य पदार्थ में चीनी, नमक और फैट तीनों की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक है तो उसके पैकेट पर तीन अलग-अलग चेतावनी वाले निशान लगाने होंगे। एक ही निशान में तीनों की जानकारी देना पर्याप्त नहीं होगा।

सुप्रीम कोर्ट ने चेतावनी वाले निशानों के आकार को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं। प्रत्येक लाल निशान का आकार पैकेट के मुख्य हिस्से का करीब चार से पांच प्रतिशत होना चाहिए। इसके भीतर लिखे शब्द इतने स्पष्ट और बड़े होने चाहिए कि सामान्य रोशनी में भी उपभोक्ता उन्हें आसानी से पढ़ सकें।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में संविधान साक्षी! न पंडित, न फेरे... दो सगे भाइयों ने रचाई अनोखी शादी, फिर चर्चा में शिलाई क्षेत्र

गौरतलब है कि अत्यधिक चीनी, नमक और अस्वास्थ्यकर वसा का सेवन मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ाता है। ऐसे में आकर्षक पैकेजिंग के बीच खाद्य पदार्थों की वास्तविक पोषण संबंधी जानकारी उपभोक्ताओं के सामने लाना बेहद महत्वपूर्ण है।

सर्वोच्च न्यायालय ने केंद्र सरकार को वर्ष 2020 के खाद्य सुरक्षा एवं लेबलिंग संबंधी नियमों को भी सही तरीके से लागू करने के निर्देश दिए हैं।

सुप्रीम कोर्ट का यह कदम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और उनके सूचना के अधिकार की रक्षा की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस व्यवस्था के प्रभावी होने से खाद्य उत्पादों की आकर्षक पैकेजिंग के साथ-साथ उनमें मौजूद स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों की जानकारी भी उपभोक्ताओं को सामने ही दिखाई देगी।

ये भी पढ़ें:  ‘AAA Blues Pure’ वोदका और व्हीस्की बनाने वाली हिमाचल की इस शराब कंपनी का लाइसेंस सस्पेंड, FSSAI ने लिया बड़ा एक्शन
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More