HomeHimachalभारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर सीएम ने की सभी DC...

भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर सीएम ने की सभी DC और SP के साथ उच्च स्तरीय बैठक, सतर्क रहने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से केवल आधिकारिक जानकारी पर विश्वास करने और अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने का आह्वान किया।

शिमला : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को यहां भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के दृष्टिगत प्रदेश के सभी डीसी और एसपी के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न जिलों में मौजूदा स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को वर्तमान स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुक्खू ने कहा कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, लेकिन सभी स्तरों पर सतर्क रहना नितांत अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि आगामी तीन छुट्टियों के दौरान प्रदेश में सभी आवश्यक सरकारी कार्यालय जैसे मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव कार्यालय और नियंत्रण कक्ष सीमित स्टाफ के साथ कार्यरत रहेंगे।

ये भी पढ़ें:  बनेठी में 29 जनवरी को सजेगा ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान करेंगे अध्यक्षता: SDM

मुख्यमंत्री ने कहा कि पठानकोट, चंडीगढ़ और जम्मू कश्मीर के सीमावर्ती जिलों के प्रशासन को विशेष रूप से सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि इन राज्यों में सायरन से सतर्क किया जाए तो तुरंत आवश्यक कार्यवाही की जाए।

उन्होंने जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के दृष्टिगत केंद्र और राज्य सरकार की ओर से जारी दिशा निर्देशों का पूर्ण गंभीरता से पालन करने को कहा। उन्होंने धार्मिक स्थलों, हवाई अड्डों, बांधों, पुलों और अन्य महत्त्वपूर्ण संस्थानों में पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें:  लंबित LPG गैस उपभोक्ता जल्द करवाएं e-KYC, वरना सिलेंडर लेने में आ सकती है परेशानी

सीएम ने केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नियमित रूप से मॉकड्रिल आयोजित करने को भी कहा। उन्होंने प्रदेश में स्थापित नियंत्रण कक्षों को और अधिक सुदृढ़ करनेे के लिए प्रदेश सरकार द्वारा हर सम्भव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।

सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार और भारतीय सेना के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए पाकिस्तानी सेना को मुंहतोड़ जबाव देने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारी सेनाएं साहस और धैर्य के साथ दुश्मन का सामना कर देश की रक्षा कर रही हैं और हमें अपनी सेनाओं पर गर्व है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से केवल आधिकारिक जानकारी पर विश्वास करने और अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने का आह्वान किया।

ये भी पढ़ें:  हर माह पहली तारीख को मिले एचआरटीसी पेंशनरों की पेंशन, लंबित देनदारियों को लेकर जताया रोष

इस अवसर कर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक डॉ. अतुल वर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव के.के. पंत, ओंकार चंद शर्मा, आरडी नजीम, प्रधान सचिव (वित्त) देवेश कुमार, सचिव अभिषेक जैन, राकेश कंवर बैठक में उपस्थित रहे। जबकि सभी जिलों के डीसी और एसपी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More