HomeHimachalअपहरण केस : पुलिस ने अंबाला के साहा से बरामद की युवती,...

अपहरण केस : पुलिस ने अंबाला के साहा से बरामद की युवती, वन स्टॉप सेंटर भेजी, युवक से भी पूछताछ

गत दिन प्रदर्शन और पथराव के दौरान एएसआई आशीष कुमार, मुख्य आरक्षी संदीप और महिला आरक्षी गुरप्रीत कौर को चोटें आईं।

नाहन : अपहरण केस में पुलिस ने हरियाणा के जिला अंबाला के साहा से युवती को बरामद कर लिया है। पुलिस ने विशेष समुदाय के युवक को भी बरामद किया है, जिस पर हिंदू समुदाय की युवती के अपहरण के आरोप लगे हैं। युवती को शनिवार शाम अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है। अब सोमवार को अदालत में युवती के बयान दर्ज होंगे। इस मामले में पुलिस युवक से भी पूछताछ कर रही है।

उधर, पथराव में जख्मी पुलिस कर्मियों के मामले में भी केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं, इस मामले में दोनों समुदायों के बीच उपजे विवाद के बाद दोनों पक्षों की तरफ से मिली शिकायतों के आधार पर भी केस दर्ज किए गए हैं। इधर, किसी भी अप्रिय घटना से निपटने और बीएनएस की धारा 163 लागू होने के चलते माजरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील है। यहां भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। धारा 163 जारी होने के बावजूद शनिवार को इलाके में धरना प्रदर्शन करने के मामले में भी नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

ये भी पढ़ें:  श्री मणिमहेश यात्रा-2026 की तैयारियों का DC मुकेश रेपस्वाल ने किया निरीक्षण, सुविधाओं का लिया जायजा

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि युवती के परिजनों की शिकायत पर 10 जून को पुलिस थाना माजरा में विशेष समुदाय के एक युवक के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर किया गया था। पुलिस ने युवती को साहा से बरामद किया है। इसके साथ साथ विशेष समुदाय के युवक को भी बरामद कर लिया है, जिस पर युवती के अपहरण के आरोप हैं। अदालत से युवती को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। सोमवार को उसके अदालत में बयान दर्ज होंगे।

उन्होंने बताया कि गत दिन प्रदर्शन और पथराव के दौरान एएसआई आशीष कुमार, मुख्य आरक्षी संदीप और महिला आरक्षी गुरप्रीत कौर को चोटें आईं। एएसआई आशीष कुमार के बयान पर पुलिस थाना माजरा में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इसी सिलसिले में दोनों पक्षों के बयान और शिकायत पत्र पर भी पुलिस थाना माजरा में केस दर्ज किए गए हैं। उग्र भीड़ द्वारा की गई मारपीट में दर्ज हुए अन्य मामलों में भी गहनता से जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें:  डॉ. जयपाल शर्मा ने वृक्ष सुधार विभाग में विभागाध्यक्ष का संभाला कार्यभार

एसपी ने बताया कि शुक्रवार शाम से क्षेत्र में धारा 163 लागू है। शनिवार को संबंधित आदेशों की उल्लंघना करते हुए उक्त संगठनों व लोगों ने माजरा थाना क्षेत्र में रास्ता रोककर धरना प्रदर्शन किया। ऐसे में इस मामले में भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि धारा 163 के आदेशों की पालना करें और इलाका में शांति व सौहार्द बनाए रखें।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More