HomeHimachalBilaspurमतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए बिलासपुर में चला प्रशिक्षण अभियान

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए बिलासपुर में चला प्रशिक्षण अभियान

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया...

बिलासपुर : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान की प्रभावी रूपरेखा और सफल क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपमंडलीय निर्वाचन कार्यालय, बिलासपुर द्वारा दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किसान भवन, बिलासपुर में किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र (48-बिलासपुर) के बूथ स्तर अधिकारियों (BLOs) और पर्यवेक्षकों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और मतदाता विवरण को अद्यतन करने की चरणबद्ध जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को BLO ऐप, वोटर हेल्पलाइन एप (VHA), NVSP पोर्टल और मतदाता सूची प्रबंधन प्रणाली के तकनीकी पहलुओं पर गहन जानकारी दी गई।

ये भी पढ़ें:  2 जनवरी को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में दिव्यांगजनों का होगा चिकित्सा परीक्षण

शिविर में बताया गया कि प्रशिक्षण उपरांत प्रत्येक बीएलओ अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं से सीधे संपर्क स्थापित करेगा। उनके नाम, लिंग, आयु, फोटो और पते की पुष्टि करेगा। साथ ही सूची से बाहर रह गए पात्र नागरिकों के नाम जोड़े जाएंगे और मृत, दोहरे या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि एक भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।

प्रशिक्षण सत्र का संचालन डिस्ट्रिक्ट लेवल मास्टर ट्रेनर (DLMT) विजय शर्मा, नायब तहसीलदार निर्वाचन तथा असेम्बली लेवल मास्टर ट्रेनर (ALMT) नारायण दास द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को तकनीकी और व्यावहारिक जानकारी प्रदान की और उनसे प्राप्त प्रश्नों का समाधान भी किया।

ये भी पढ़ें:  जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा के साथ जनहित से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा

इस अवसर पर निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपमंडलीय अधिकारी (सदर) डॉ. राजदीप सिंह ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपील की कि वे इस अभियान को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता से संचालित करें, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सुनिश्चित हो सके।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More