शिलाई में ढांक से गिरकर उत्तरप्रदेश के युवक की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों ने रस्सियों के सहारे निकाला शव

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पहुंचे, जहां जोखिम भरे हालात में रात के समय रस्सियों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।

0

शिलाई : जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में उत्तरप्रदेश के एक युवक की ढांक में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां जोखिम भरे हालात में रात के समय रस्सियों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शिव कुमार (35) पुत्र कप्तान सिंह निवासी गांव रमपुरा (छबारापुर), तहसील और जिला इटावा (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल पर अंधेरा और ढांक अधिक गहरी होने के कारण नीचे उतरना बेहद जोखिम भरा था। ऐसे कठिन हालात में सभी ने असाधारण हिम्मत का परिचय दिया। मोबाइल की रोशनी और रस्सियों की मदद से गहरी ढांक में उतरकर शव को बाहर निकाला गया।

ये भी पढ़ें:  10वीं पास युवाओं के लिए यहां नौकरी का मौका, 50 पदों के लिए 22 दिसंबर को होंगे कैंपस इंटरव्यू

मृतक के साथी और भतीजे प्रमोद कुमार ने बताया कि वे दोनों तीन दिन पहले शिलाई आए थे। गत बुधवार शाम करीब सात बजे उन्हें सूचना मिली कि शिव कुमार ढांक में गिर गया है। उन्होंने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से शिलाई क्षेत्र में इत्र बेचने आते रहे हैं और यहां के लोगों से उनकी अच्छी जान-पहचान है। घटना के समय शिव कुमार शिलाई में इत्र बेचने गया था।

स्थानीय लोगों के अनुसार लघुशंका के दौरान पैर फिसलने से शिव कुमार गहरी ढांक में गिर गया। शिलाई अस्पताल के डॉ. विवेक शर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। उधर, शिलाई पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में फिर बस हादसे : बिलासपुर में निजी बस खाई में गिरी, कुल्लू में हवा में लटकी पर्यटकों से भरी बस