Home Accident हिमाचल के डलहौजी में दर्दनाक हादसा, युवती समेत दो पर्यटकों की मौत,...

हिमाचल के डलहौजी में दर्दनाक हादसा, युवती समेत दो पर्यटकों की मौत, 4 गंभीर घायल

जानकारी के अनुसार कार में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें तीन युवक और तीन युवतियां शामिल थीं। सभी लोग पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं और जालंधर के एक स्वास्थ्य केंद्र में साथ काम करते थे। ये सभी डलहौजी घूमने के लिए आए हुए थे

0

डलहौजी : जिला चंबा के डलहौजी इलाके में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जहां पर्यटकों की एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में 2 पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और सभी घायलों को खाई से निकालकर सिविल अस्पताल डलहौजी पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार कार में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें तीन युवक और तीन युवतियां शामिल थीं। सभी लोग पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं और जालंधर के एक स्वास्थ्य केंद्र में साथ काम करते थे। ये सभी डलहौजी घूमने के लिए आए हुए थे, लेकिन उनका यह सफर हादसे में तब्दील हो गया। मृतकों की पहचान सिमरन प्रीत कौर निवासी गांव नूरपुर लुवाना, जिला कपूरथला (पंजाब) और सुरेंद्र निवासी पूर्णपुरा, डाकघर रामामंडी, जिला जालंधर (पंजाब) के तौर पर हुई है।

ये भी पढ़ें:  पिस्टल दिखाकर गार्ड से लूट मामले का 24 वर्षीय आरोपी दबोचा, वारदात में शामिल अन्य 6 आरोपी नाबालिग

वहीं, प्रिंस निवासी अमृतसर (पंजाब) और सोफिया की हालत गंभीर होने पर उन्हें सिविल अस्पताल डल्हौजी से पठानकोट रेफर किया गया है। अन्य घायलों में सुमन प्रीत निवासी गांव लागों देवा, जिला फिरोजपुर (पंजाब) और बलबीर सिंह निवासी सैणा भदोड़, तहसील व जिला बरनाला (पंजाब) शामिल हैं, जिनका उपचार डलहौजी अस्पताल में जारी है।

पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि करेलनू में हुए इस वाहन हादसे में 2 पर्यटकों की मौत हुई है। पुलिस ने हादसे का केस दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर के संगड़ाह क्षेत्र में पुलिस ने पकड़ी अफीम की अवैध खेती, 560 पौधे किए बरामद, आरोपी गिरफ्तार