होमAgricultureहिमाचल में बड़ी इलायची की खेती बनी कमाई का नया मॉडल, 1800...

हिमाचल में बड़ी इलायची की खेती बनी कमाई का नया मॉडल, 1800 रुपये किलो दाम; प्रेम लाल का 20 साल का अनुभव

किसानों के लिए पारंपरिक खेती के साथ-साथ कम भूमि में अधिक आय अर्जित करने के लिए वैकल्पिक फसलों को अपनाना समय की आवश्यकता बनता जा रहा है।

बिलासपुर : किसानों के लिए पारंपरिक खेती के साथ-साथ कम भूमि में अधिक आय अर्जित करने के लिए वैकल्पिक फसलों को अपनाना समय की आवश्यकता बनता जा रहा है।

इसी दिशा में जिला बिलासपुर के करोट गांव निवासी किसान प्रेम लाल ठाकुर पिछले लगभग 20 वर्षों से बड़ी इलायची की खेती कर अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बन रहे हैं। शुरुआत में उन्होंने सीमित क्षेत्र में इसकी खेती की, लेकिन बेहतर उत्पादन और अच्छे बाजार भाव को देखते हुए अब धीरे-धीरे इसका क्षेत्र बढ़ा रहे हैं। जिन किसानों के पास सिंचाई के लिए पानी की पर्याप्त एवं नियमित उपलब्धता है, वे इस फसल को अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकते हैं।

प्रगतिशील किसान प्रेम लाल ठाकुर ने बताया कि लगभग एक बीघा जमीन में प्रतिवर्ष औसतन 2 से 3 क्विंटल बड़ी इलायची का प्राकृतिक तौर पर उत्पादन कर रहे हैं तथा बाजार में अच्छी कीमत भी मिल रही है। वर्तमान में बड़ी इलायची के लगभग 1.80 लाख रुपये प्रति क्विंटल यानी 1,800 रुपये प्रति किलोग्राम तक दाम प्राप्त हो रहे हैं।

ऐसे में यह फसल किसानों के लिए आय का एक अच्छा विकल्प बन सकती है। विशेष रूप से उन क्षेत्रों में, जहां परंपरागत फसलों का उत्पादन अपेक्षाकृत कम होता है, वहां उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप बड़ी इलायची की खेती को अपनाया जा सकता है।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में 11 दिन में 319 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद, अब तक 948 किसान करवा चुके पंजीकरण

बड़ी इलायची की खेती की तकनीक बताते हुए प्रेम ठाकुर कहते हैं कि लगभग तीन गुणा तीन फुट की दूरी पर पौधे लगाए हैं तथा पौधों के समुचित विकास और बेहतर उत्पादन के लिए पानी की उपलब्धता महत्वपूर्ण है। जिन किसानों के पास स्थायी रूप से सिंचाई सुविधा उपलब्ध है, वे इस खेती में संभावनाएं तलाश सकते हैं। विशेषकर ऐसी भूमि, जहां अन्य फसलों का उत्पादन अपेक्षाकृत कठिन होता है, वहां स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल इस प्रकार की वैकल्पिक खेती लाभकारी साबित हो सकती है।

उनका कहना है कि बड़ी इलायची की तुड़ाई सामान्यतः नवंबर-दिसंबर माह में की जाती है। तुड़ाई के बाद इसकी उचित सफाई, धुलाई और सुखाई जरूरी होती है तथा अच्छी तरह सुखाकर इसे बिक्री के लिए तैयार किया जाता है। फसल की उचित देखभाल और कटाई के बाद सही ढंग से प्रसंस्करण करने से उत्पाद की गुणवत्ता बनी रहती है।

बड़ी इलायची का उपयोग मसालों के साथ-साथ औषधीय उत्पादों में भी किया जाता है। इसकी विशिष्ट सुगंध और उपयोगिता के कारण बाजार में इसकी अच्छी मांग बनी रहती है। इसकी खास बात यह है कि इसे जंगली जानवर और पक्षी सामान्यतः नुकसान नहीं पहुंचाते। ऐसे में यह खेती न केवल लाभकारी हो सकती है, बल्कि जंगली जानवरों से परेशान और खेती से विमुख होते किसानों के लिए आय बढ़ाने का एक अहम जरिया भी बन सकती है।

ये भी पढ़ें:  राजगढ़ की सात पंचायतें TB मुक्त घोषित, दाहन को गोल्ड, शाया-सनौरा को सिल्वर और इन पांच को ब्रॉन्ज मेडल

उनका कहना है कि युवा पीढ़ी खेती-बाड़ी को केवल पारंपरिक व्यवसाय के रूप में न देखकर इसे स्वरोजगार और आय अर्जित करने के अवसर के रूप में अपना सकती है। आज युवा खेती से दूर होते जा रहे हैं, जबकि बदलती परिस्थितियों में उपयुक्त फसलों का चयन कर कृषि को लाभकारी बनाया जा सकता है। बड़ी इलायची जैसी वैकल्पिक फसल कम भूमि वाले किसानों के लिए भी आय का महत्वपूर्ण स्रोत बन सकती है, बशर्ते भूमि, जलवायु, पानी की उपलब्धता और बाजार की स्थिति इसके अनुकूल हों।

प्रदेश सरकार भी प्राकृतिक तौर पर उत्पादित गेहूं, मक्का, जौ, हल्दी तथा अदरक के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान कर रही है, ताकि प्रदेश के किसानों की आर्थिकी को सुदृढ़ किया जा सके। प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि विभिन्न फसलों के लिए सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया है। सरकार के इस कदम से प्रदेश के हजारों किसानों को सीधा लाभ प्राप्त हो रहा है।

ये भी पढ़ें:  बल्क ड्रग पार्क के 250 करोड़ के साइट विकास कार्य और 10 करोड़ के कामकाजी महिला छात्रावास का शिलान्यास

क्या कहते हैं अधिकारी
उपनिदेशक कृषि कुलभूषण धीमान का कहना है कि बड़ी इलायची की खेती के माध्यम से किसान अपनी अतिरिक्त आय सृजित कर सकते हैं। बशर्तें उनके पास पर्याप्त पानी की उपलब्धता हो। उनका कहना है कि इस खेती को न तो जंगली जानवर न ही पक्षी नुकसान पहुंचाते हैं, ऐसे में यह फसल किसानों के लिए एक बड़ी राहत प्रदान करती है। साथ ही बड़ी इलायची को बाजार में अच्छे दाम भी प्राप्त होते हैं।

उनका कहना है कि विभाग भी किसान प्रेम ठाकुर के साथ मिलकर दूसरे किसानों को जोड़ते हुए इस दिशा में कार्य करने का प्रयास करेगा ताकि किसानों को अतिरिक्त आय के साधन सृजित कर आर्थिकी को सुदृढ़ किया जा सके।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More