HomePoliticsनाहन नगर परिषद: सियासी ड्रामा खत्म, बीजेपी पार्षदों ने लिया यू टर्न

नाहन नगर परिषद: सियासी ड्रामा खत्म, बीजेपी पार्षदों ने लिया यू टर्न

एडीएम सिरमौर को पत्र सौंप दोनों पार्षदों ने नगर परिषद अध्यक्ष श्यामा पुंडीर पर भरोसा जताया. नगर परिषद उपाध्यक्ष अविनाश गुप्ता और पार्षद संध्या अग्रवाल ने पत्र में वर्तमान अध्यक्ष श्यामा पुंडीर को पुनः समर्थन वापस देने की बात कही.

नाहन|
नगर परिषद नाहन में चल रहा सियासी ड्रामा उस वक्त खत्म हो गया, जब वीरवार को भाजपा समर्थित दोनों पार्षदों की नाराजगी खत्म हो गई. एडीएम सिरमौर को पत्र सौंप दोनों पार्षदों ने नगर परिषद अध्यक्ष श्यामा पुंडीर पर भरोसा जताया. साथ ही एक बार पुनः अपना समर्थन भी दे दिया. नगर परिषद उपाध्यक्ष अविनाश गुप्ता और पार्षद संध्या अग्रवाल ने पत्र में वर्तमान अध्यक्ष श्यामा पुंडीर को पुनः समर्थन वापस देने की बात कही है.

गौरतलब है कि 17 दिसंबर को भाजपा समर्थित नगर परिषद उपाध्यक्ष अविनाश गुप्ता और पार्षद संध्या अग्रवाल ने अध्यक्ष श्यामा पुंडीर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उनसे अपना समर्थन वापस ले लिया था. इसके बाद 18 दिसंबर को कांग्रेस के 5 पार्षदों ने भी अध्यक्ष के खिलाफ डीसी को पत्र सौंपा. बताया जा रहा है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने पार्षदों के बीच उपजे मनमुटाव को दूर करने में अपनी अहम भूमिका निभाई. दोनों पार्षदों की नाराजगी का एक कारण भाजपा मंडल अध्यक्ष पद पर नगर परिषद अध्यक्ष के पति की ताजपोशी भी बताया गया. कुल मिलाकर कारण चाहे कुछ भी रहे हो, लेकिन दोनों ही पार्षदों की नाराजगी दूर होने के बाद यह तय है कि नगर परिषद पर भाजपा का ही कब्जा रहेगा.

ये भी पढ़ें:  अब तो सबक ले लो... आपदा आई तो कौन होगा जिम्मेदार

उधर, वीरवार को बयान जारी कर नगर परिषद अध्यक्ष श्यामा पुंडीर ने कहा कि अध्यक्ष पद पर कार्य करते मेरे साथी पार्षद जो मेरे आदरणीय हैं और मुझसे नाराज चल रहे थे, उनके साथ बैठक कर मैंने नाराजगी दूर करने का प्रयास किया. वह विश्वास दिलाती हैं कि अपनी कार्यशैली में अति शीघ्र सुधार करते हुए सभी पार्षदों को साथ लेकर कार्य करेंगी.

क्या कहते हैं एसडीएम
एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने कहा कि भाजपा समर्थित दोनों पार्षदों की ओर से नगर परिषद अध्यक्ष को पुनः समर्थन देने संबंधी पत्र फिलहाल उन्हें नहीं मिला है. 4 जनवरी को पार्षदों की बैठक बुलाई गई है. यदि दोनों पार्षदों ने अध्यक्ष को समर्थन वापस दे दिया है, तो संबंधित बैठक रद्द की जा सकती है.

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में हाईवे पर चट्टानें गिरने से चपेट में आई टेंपो ट्रैवलर, कई यात्रियों को चोटें VIDEO
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More