HomeAgricultureकिसानों से खरीदे गेहूं के बीज का 3.12 करोड़ का भुगतान अटका,...

किसानों से खरीदे गेहूं के बीज का 3.12 करोड़ का भुगतान अटका, पांवटा साहिब में SDM से मिले किसान

अब तक केवल 1.80 करोड़ रुपए का ही भुगतान हो पाया है। इस राशि से 108 किसानों का भुगतान तो हो गया, लेकिन 315 किसानों का भुगतान अब भी लटका है। यानी 3.12 करोड़ रुपए का भुगतान अभी शेष है।

नाहन : जिला सिरमौर के किसानों से इसी वर्ष अप्रैल-मई माह में कृषि विभाग द्वारा खरीदे गए गेहूं के बीज का 3.12 करोड़ रुपए का भुगतान अभी तक नहीं हो पाया है। इससे किसानों में भारी रोष पनप रहा है।

जानकारी के अनुसार कृषि विभाग ने इस वर्ष पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों के कुल 423 किसानों से 13,716 क्विंटल गेहूं का बीज खरीदा था, जिसकी कुल राशि 4.92 करोड़ रुपए बनती है।

इसमें से अब तक केवल 1.80 करोड़ रुपए का ही भुगतान हो पाया है। इस राशि से 108 किसानों का भुगतान तो हो गया, लेकिन 315 किसानों का भुगतान अब भी लटका है। यानी 3.12 करोड़ रुपए का भुगतान अभी शेष है।

बता दें कि पांवटा साहिब सिरमौर का एक प्रमुख कृषि क्षेत्र है, जहां गेहूं और धान मुख्य फसलें हैं। कृषि विभाग किसानों को उनकी अच्छी गुणवत्ता वाले बीज के लिए भुगतान करता है, जो सरकारी सहायता से चलता है। किसानों को उम्मीद थी कि उन्हें समय पर उनके बीज का भुगतान हो जाएगा, लेकिन अब भी बड़ी राशि अटकी हुई है।

ये भी पढ़ें:  किराये का कमरा लेकर चल रहा था ये अवैध काम, पुलिस ने अचानक दबिश देकर किया गिरफ्तार

इस देरी से किसानों की आर्थिक स्थिति पर सीधा असर पड़ रहा है, क्योंकि उन्हें अगली फसल की बुवाई और अन्य कृषि संबंधी खर्चों के लिए पैसे की जरूरत होती है।

समय पर भुगतान न मिलने से किसानों में सरकार और कृषि विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। प्रदेश सरकार ने किसानों से 3200 रुपए और 3400 रुपए प्रति क्विंटल रेट के हिसाब से बीज के गेहूं की खरीद की थी।

मुख्यमंत्री को एसडीएम की मार्फत भेजा ज्ञापन
किसानों से खरीदे गए गेहूं के बीज का भुगतान न होने से नाराज किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी के नेतृत्व में SDM पांवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा से मिले। इस मौके पर किसानों ने उन्हें मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा।

ये भी पढ़ें:  VIDEO: सिरमौर में भीषण अग्निकांड, गुर्जर समुदाय का डेरा चढ़ा आग की भेंट, राख हुई 15 झोपड़ियां, छिन गया 100 लोगों का आशियाना

किसान रंगीलाल, सुरेंद्र कुमार, राहुल चौधरी, राजाराम, रोशन लाल, हुसैन मोहम्मद, भोज सिंह, रविंद्र कुमार, सुनील परमार, तोताराम शर्मा, दीपचंद पुंडीर, दिनेश नेगी, बलवीर सिंह, सुभाष चौधरी, अनुज भंडारी, रोहित चौधरी, अजय मेहता, बलबीर सिंह, देवेंद्र चौधरी, निर्मल कौर व देवराज चौहान आदि ने बताया कि उनका कृषि ही मुख्य व्यवसाय है।

धान की फसल की हाल ही में रोपाई की गई है, जिसमें अब खाद डालने का समय है, लेकिन किसानों का भुगतान लटकने से वह खाद भी नहीं खरीद पा रहे हैं। किसानों ने कहा कि उनके परिवार का पालन-पोषण कृषि पर ही निर्भर है।

उन्होंने कृषि विभाग और सरकार से जल्द से जल्द बकाया भुगतान जारी करने की मांग की, ताकि वे अपनी वित्तीय जरूरतों को पूरा कर सकें और बिना किसी बाधा के अपनी कृषि गतिविधियों को जारी रख सकें।

ये भी पढ़ें:  बच्चों को संवैधानिक मूल्यों पर आधारित शिक्षा देगी हिमाचल "सरकार", CM ने दिए ये निर्देश
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More