HomeAgricultureमटर के दामों में उछाल से किसानों के चेहरों पर लौटी रौनक,...

मटर के दामों में उछाल से किसानों के चेहरों पर लौटी रौनक, जानें मंडियों में कितने मिल रहे फसल के रेट

राजगढ़ : मटर के दाम में एकाएक आए उछाल से किसानों के चेहरों पर रौनक आ गई है. इन दिनों जिला सिरमौर के ऊपरी इलाकों राजगढ़ और नौहराधार आदि इलाकों से पहाड़ी मटर प्रदेश की सबसे बड़ी सब्जी मंडी सोलन, चंडीगढ़ व पानीपत मंडियों में पहुंचना शुरू हो गया है. सीजन के शुरूआती दौर में मटर के दाम केवल 25 से 30 रुपए तक सिमट गए थे, लेकिन अब इसके दाम बढ़कर 45 रुपए प्रति किलोग्राम पहुंच गए हैं.

बता दें कि इस बार सर्दियों में कम बारिश के चलते मटर की फसल काफी प्रभावित हुई है. क्षेत्र में इन दिनों मटर का सीजन पीक पर है. प्रगतिशील किसान दयाराम वर्मा और प्रीतम ठाकुर ने बताया कि सर्दियों में इस वर्ष कम बारिश होने से मटर की फसल की पैदावार औसतन हुई है. मटर की फसल इस बार तय समय से करीब एक पखवाड़ा पहले तैयार हो गई थी.

ये भी पढ़ें:  हिमाचल यूनिवर्सिटी में एमएससी फिजिक्स की गोल्ड मेडलिस्ट बनीं ईशा

आढ़ती विनोद कुमार का कहना है कि वीरवार को मटर के दामों में काफी उछाल आया है. शिमला व सिरमौर क्षेत्र का मटर 45 से 50 रुपए प्रति किलोग्राम बिका. पिछले दिनों कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि होने से मटर की फलियों का रंग सफेद हो गया था, जिससे किसानों को अच्छे दाम नहीं मिल पा रहे थे. ट्रांसपोर्टर प्रदीप ब्रागटा ने बताया कि गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष मटर की फसल कम हुई है. इससे दामों में और बढ़ोतरी के आसार हैं.

उल्लेखनीय है कि हर वर्ष मार्च के अंतिम और अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में राजगढ़ क्षेत्र में मटर की पहली फसल निकलना आरंभ होती है. इसके बाद टमाटर, शिमला मिर्च, फ्रांसबीन का सीजन आरंभ हो जाएगा. पहाड़ी मटर की देश की कई मंडियों में काफी मांग रहती है.

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में गैस सिलेंडर सप्लाई का रूट चार्ट जारी, उपभोक्ताओं को इन नंबरों पर मिलेगी पूरी जानकारी

कृषि विभाग के अनुसार इस वर्ष विभाग द्वारा राजगढ़ क्षेत्र में करीब 76 क्विंटल मटर का बीज उपदान पर उपलब्ध करवाया गया है. सब्जी मंडी के प्रभारी सौरव हिमराल ने बताया कि अधिकतर फसलें सीधे तौर पर मंडियों में बिक रही हैं.

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More