कालाअंब : जिला सिरमौर के कालाअंब में STF शिमला की टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को 11.46 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपी हरियाणा के जिला अंबाला के नारायणगढ़ क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, STF शिमला की टीम कालाअंब थाना क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति नशीले पदार्थ की खेप लेकर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल सवारों को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उनके कब्जे से 11.46 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि आरोपियों की पहचान गगनदीप (32), निवासी बेरखेड़ी माजरा और सन्नी कुमार (30), निवासी सकरपुरा, तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी है।




