सोलन : जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने नाकेबंदी कर एक कार से 54 ग्राम से ज्यादा चिट्टा बरामद किया है। मामले में पुलिस ने कार में सवार पंजाब और हरियाणा के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद पांच दिन का पुलिस हिरासत रिमांड मिला है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शामती के समीप ये कार्रवाई अमल में लाई।
पुलिस के अनुसार, मध्यरात्रि को एसआईयू टीम ने शामती के समीप नाकेबंदी की थी। इस दौरान एक फोर्ड फिगो एस्पायर कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में सवार दोनों व्यक्तियों के कब्जे से 54 ग्राम से अधिक चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
एसपी सोलन टी. एसडी वर्मा ने बताया कि आरोपियों की पहचान नरजीत सिंह उर्फ नवी (35) निवासी गांव लोहरा, तहसील डाबा, जिला लुधियाना (पंजाब) और रवि (29) निवासी गांव खान अहमदपुर, डाकघर डीण, तहसील बराड़ा, जिला अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर पुलिस थाना सदर सोलन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने इस्तेमाल में लाई गई कार को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर भेजा गया। पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है और उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। मामले में आगामी जांच जारी है।

