कुनिहार : जिला सोलन के कुनिहार में बिजली सब स्टेशन के यार्ड से एल्यूमीनियम कंडक्टर चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। चोरी की यह वारदात विगत रात हुई, जिसमें करीब 1.10 लाख रुपये मूल्य का एल्यूमीनियम कंडक्टर चुराया गया। पुलिस ने चोरी सामान बरामद कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल गई गाड़ी को भी जब्त किया है।

पुलिस थाना कुनिहार में दर्ज शिकायत के अनुसार सब स्टेशन कुनिहार के जेई कांशी राम ने बताया कि वह सोमवार की रात अपने सहकर्मियों के साथ रात्रि ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान सब स्टेशन के यार्ड से सामान गिरने की आवाजें सुनाई दीं और कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। जब कर्मचारी यार्ड में पहुंचे तो कुछ लोग चोरी का सामान लेकर भागते दिखाई दिए। जांच करने पर यार्ड से एल्यूमीनियम कंडक्टर गायब पाया गया।
मामले के अन्वेषण के दौरान पुलिस थाना कुनिहार की टीम ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का अवलोकन किया। इसके आधार पर चोरी की वारदात में संलिप्त तीन आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने चोरी के आरोप में सुनील कुमार (33) गांव कुमाहरडी डाकखाना देलगी तहसील कंडाघाट, जिला सोलन, ओम प्रकाश (22) गांव भोटेचोर, जिला छिन्चु, थाना सुरकेत नेपाल, हाल निवासी विकास नगर शिमला और कमल (27) निवासी गांव और डाकखाना शमशेरगंज, तहसील और जिला नेपालगंज नेपाल, हाल निवासी सलोगड़ा तहसील और जिला सोलन को गिरफ्तार किया है।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एल्युमीनियम कंडक्टर बरामद कर लिया है। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा वीरो गाड़ी को भी जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। मामले में जांच जारी है।


