HPBOSE : जमा दो का वार्षिक परिणाम घोषित, कांगड़ा और ऊना की इन छात्राओं ने किया टॉप, 83.16 फीसदी रहा रिजल्ट

इस परीक्षा में कुल 86,373 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 71,591 उत्तीर्ण हुए हैं। 5,847 विद्यार्थियों की कंपाटमेंट आई है। जबकि 8,581 बच्चे फेल हुए।

0

धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं के बाद जमा दो कक्षा का वार्षिक परिणाम भी घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में कुल 86,373 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 71,591 उत्तीर्ण हुए हैं। 5,847 विद्यार्थियों की कंपाटमेंट आई है। जबकि 8,581 बच्चे फेल हुए।

HPBOSE के अध्यक्ष और DC कांगड़ा हेमराज ने बताया कि 12वीं कक्षा के तीनों स्ट्रीम के नतीजे घोषित कर दिए हैं। वार्षिक परीक्षा परिणाम 83.16 फीसदी रहा।

आर्टस में कांगड़ा जिला के गवर्नमेंट सीनियर सैकेंडरी स्कूल रैत की अंकिता पुत्री कुशल कुमार 483 अंक (96.6 फीसदी) लेकर प्रदेश भर में प्रथम स्थान पर रहीं। जबकि, कॉमर्स में जिला कांगड़ा के गवर्नमैंट सीनियर सैकेंडरी स्कूल चनौर की पायल शर्मा पुत्री प्रदीप शर्मा ने 482 (96.4 फीसदी) अंक लेकर प्रदेश में टॉप किया।

इसी तरह साइंस स्ट्रीम में जिला ऊना के सेंट डीआर पब्लिक सीनियर सैकेंडरी स्कूल गगरेट की महक पुत्री नसीब कुमार ने 486 (97.2 फीसदी) अंक लेकर प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल किया है।

विद्यार्थी अपना परिणाम बोर्ड की वेबसाइट www.hpbose.org पर देख सकते हैं। इसके अलावा परीक्षार्थी बोर्ड मुख्यालय में कार्य दिवस के दौरान सुबह 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक भी अपना परिणाम जान सकते हैं।

शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष हेमराज बैरवा ने बताया कि वर्ष 2023 में जमा दो का रिजल्ट 79.6 प्रतिशत था और वर्ष 2024 में 74.5 प्रतिशत था, लेकिन इस बार का रिजल्ट 83.16 प्रतिशत रहा है। ये पिछले तीन वर्षों में सबसे ज्यादा है।