कांगड़ा : हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के देहरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चनौर स्थित गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल में मिड-डे मील बनाने वाली एक महिला की दराती से हमला कर हत्या कर दी गई। महिला की पहचान 58 वर्षीय सुलोचना देवी के तौर पर हुई है। गुरुवार दोपहर करीब 12:20 बजे स्कूल परिसर में हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, इस खौफनाक वारदात के पीछे के असल कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार सुलोचना देवी स्कूल में मिड-डे मील वर्कर के रूप में कार्यरत थीं। वह रसोई में बच्चों के लिए भोजन तैयार कर रही थीं, तभी अचानक एक व्यक्ति ने स्कूल में घुसकर उस पर अचानक दराती से हमला कर दिया। स्कूल की सेंटर हेड टीचर सरिता देवी ने बताया कि बच्चों की चीख-पुकार सुनकर जब वह बाहर आईं तो देखा कि एक व्यक्ति सुलोचना देवी पर हमला कर रहा है। स्थिति को देखते हुए शिक्षकों ने तुरंत बच्चों को सुरक्षा के मद्देनजर कमरों में बंद कर दिया।
बताया गया है कि महिला को बचाने की कोशिश के दौरान आरोपी हमलावर शिक्षकों की ओर भी बढ़ा और हमला करने की कोशिश की। इसी दौरान पास के सीनियर सेकेंडरी स्कूल चनौर के कुछ अध्यापक मौके पर पहुंचे, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डाडासीबा पुलिस की टीम स्कूल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डाडासीबा अस्पताल भेजा।
पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर आधे घंटे के भीतर आरोपी राकेश उर्फ मोनू (48) निवासी चनौर को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी मृतका का पड़ोसी है। प्रारंभिक जांच में इन दोनों के बीच पैसे के लेन-देन की बात सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने घटना की पुष्टि करते बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया था। जांच के बाद हत्या के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा।


