शिमला : हिमाचल प्रदेश में मानसून अभी राहत देने के मूड में नहीं है। मौसम विभाग ने सोमवार यानी 10 अगस्त को कांगड़ा और सिरमौर जिले में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं बिलासपुर, मंडी और सोलन जिले में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का यलो अलर्ट है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
11 अगस्त को भी ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 अगस्त को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। दोनों दिन ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 12 से 15 अगस्त तक एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का यलो अलर्ट रहेगा।
किन्नौर-लाहौल स्पीति में तेज हवाओं का अलर्ट
15 अगस्त तक किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कम और मध्यम ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
118 सड़कें बंद, 835 करोड़ का नुकसान
भारी बारिश का असर प्रदेश के जनजीवन पर भी पड़ा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार मूसलाधार बारिश और इससे जुड़ी घटनाओं के कारण प्रदेश में 118 सड़कें बंद हैं। मंडी में सबसे ज्यादा 44, कुल्लू में 39, शिमला में 13, चंबा में 7, सिरमौर में 6, कांगड़ा में 5, ऊना में 3 और सोलन में एक सड़क बंद है।
बारिश से 18 वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट भी प्रभावित हुए हैं। इस मानसून सीजन में प्रदेश को अब तक करीब 835 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।
- ये भी पढ़ें : भारतीय-अमेरिकी नौसेनाएं कोच्चि में करेंगी ईओडी अभ्यास, 10 से 14 अगस्त तक चलेगा संयुक्त प्रशिक्षण
- ये भी पढ़ें : 14,300 से 20,000 रुपये तक वेतन, यहां 660 पदों पर हो रही भर्ती; जानें कब और कहां होंगे इंटरव्यू




