HomeHimachalBilaspurखेत में कौन सी फसल, कितना रकबा और सिंचाई का साधन है...

खेत में कौन सी फसल, कितना रकबा और सिंचाई का साधन है क्या; डिजिटल सर्वे से जुटेगा ये पूरा रिकॉर्ड

इस सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य खेत स्तर पर बोई गई फसलों, फसल क्षेत्र तथा सिंचाई के साधनों से संबंधित वास्तविक समय की जानकारी डिजिटल माध्यम से एकत्रित करना है।

बिलासपुर : उप निदेशक कृषि बिलासपुर कुलभूषण धीमान ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा जिला में एग्रीस्टैक परियोजना के अंतर्गत डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण का कार्य स्टार एग्री बाजार टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य खेत स्तर पर बोई गई फसलों, फसल क्षेत्र तथा सिंचाई के साधनों से संबंधित वास्तविक समय की जानकारी डिजिटल माध्यम से एकत्रित करना है।

उन्होंने बताया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से सर्वेयर द्वारा मोबाइल एप से संबंधित खेत में जाकर फसल की जानकारी दर्ज की जा रही है। इससे प्रत्येक कृषि भू-खंड की फसल संबंधी जानकारी का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एग्रीस्टैक परियोजना के अंतर्गत तैयार होने वाला यह डाटा कृषि क्षेत्र में बेहतर योजना, फसल उत्पादन के आकलन, कृषि आदानों की आवश्यकता निर्धारित करने तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक होगा।

ये भी पढ़ें:  CM सुक्खू के सख्त निर्देश: तीन माह में पूरे हों ग्रामीण विकास के सभी लंबित काम

कुलभूषण धीमान ने डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण के दौरान सर्वे टीम को आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा किसानों से खेतों में बोई गई फसल से संबंधित सही जानकारी उपलब्ध का आह्वान किया। ताकि किसानों के सहयोग से जिला में डिजिटल फसल सर्वेक्षण का कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्वक किया जा सके।

इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री एवं किसान आईडी के अंतर्गत जिले के प्रत्येक कृषक परिवार की एक विशिष्ट किसान आईडी तैयार की जा रही है। यह आईडी भूमि रिकॉर्ड तथा आधार कार्ड से प्रमाणित होगी।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, बीज एवं उर्वरक सब्सिडी, कृषि उपकरणों पर अनुदान तथा फसल खरीद पोर्टल पर पंजीकरण सहित विभिन्न कृषि सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए किसान आईडी आवश्यक है।

ये भी पढ़ें:  बनेठी मेले को और भव्य, आकर्षक व बड़े स्तर पर मनाने के होंगे हर संभव प्रयास: सोलंकी

उन्होंने बताया कि किसान अपनी किसान आईडी के लिए स्वयं ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके लिए किसान पोर्टल hpfr.agristack.gov.in पर जाकर आधार से लिंक मोबाइल नंबर के माध्यम से ई-केवाईसी कर घर बैठे पंजीकरण कर सकते हैं या अपने निकटतम लोकमित्र केंद्र में जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी करवा सकते है।

उन्होंने किसानों से अपील की है कि वह एफ.एफ.एस. योजना के अंतर्गत अपनी कृषक आईडी नजदीकी लोकमित्र केंद्र तथा कृषि विभाग के नजदीकी विकास खंड कार्यालय में जाकर बनवा लें, ताकि भविष्य में कृषि विभाग द्वारा मिलने वाली अनुदान राशि की प्रक्रिया पूरी हो सके।

उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन के लिए जिला कार्यक्रम समन्वयक ऊषा शर्मा से मोबाइल नंबर 82639-45069 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त कृषि विषयवाद विशेषज्ञ के कार्यालय में भी संपर्क कर उचित मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें:  एग्रीस्टैक से डिजिटल हो रही खेती, ऊना के 41 हजार से अधिक किसान डिजिटल रजिस्ट्री से जुड़े
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More