HomeHimachalBilaspurसतलुज महाआरती के साथ नलवाड़ी मेले में जुड़ेगा नया अध्याय, बनारस की...

सतलुज महाआरती के साथ नलवाड़ी मेले में जुड़ेगा नया अध्याय, बनारस की तर्ज पर गोविंद सागर तट पर दिखेगा दिव्य नजारा

डीसी राहुल कुमार ने कहा कि सतलुज महाआरती का उद्देश्य न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना है, बल्कि बिलासपुर की पहचान को पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में भी सुदृढ़ करना है। नलवाड़ी मेला जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है और इसमें इस प्रकार के नवीन आयोजनों को शामिल करने से मेले की भव्यता और आकर्षण में और वृद्धि होगी।

बिलासपुर : जिला बिलासपुर का ऐतिहासिक राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला 2026 इस वर्ष एक नई और अनूठी परंपरा की शुरुआत का साक्षी बनने जा रहा है। मेले के शुभारंभ अवसर पर पहली बार गोविंद सागर झील के तट पर बनारस की तर्ज पर भव्य सतलुज महाआरती का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा इस विशेष आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और इसे नलवाड़ी मेले के प्रमुख आकर्षण के रूप में विकसित किया जा रहा है।

यह भव्य सतलुज महाआरती 17 मार्च को सायं 5:00 बजे लुहणु घाट पर आयोजित की जाएगी, जिसमें श्रद्धालु आध्यात्मिक वातावरण में इस अद्भुत आयोजन का साक्षात्कार कर सकेंगे। डीसी बिलासपुर राहुल कुमार ने अपनी टीम के साथ गोविंद सागर झील के किनारे लुहणु घाट स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आयोजन के लिए उपयुक्त स्थान का चयन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम को भव्य, आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं, ताकि यह आयोजन जिले की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई प्रदान कर सके।

ये भी पढ़ें:  चंबा में पंचायत चुनावों के लिए 7315 उम्मीदवार मैदान में: DC मुकेश रेपसवाल

सतलुज महाआरती को पारंपरिक और आध्यात्मिक गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ काशी से आमंत्रित प्रसिद्ध पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ आरती संपन्न करवाई जाएगी। महाआरती के दौरान गोविंद सागर झील के तट को रंग-बिरंगी रोशनी, दीपों और विशेष सजावट से अलंकृत किया जाएगा, जिससे वातावरण आध्यात्मिक और भव्य दिखाई देगा।

इस आयोजन के साथ ही भक्ति और आध्यात्मिकता से परिपूर्ण भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें हिमाचल प्रदेश के सुप्रसिद्ध भजन गायक अभिषेक सोनी अपनी मधुर प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभु भक्ति का रस बिखेरेंगे। भजन संध्या के दौरान श्रद्धालु और दर्शक भक्ति संगीत का आनंद लेते हुए महाआरती के दिव्य वातावरण का अनुभव कर सकेंगे।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत, दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, पुलिस जांच में जुटी

डीसी राहुल कुमार ने कहा कि सतलुज महाआरती का उद्देश्य न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना है, बल्कि बिलासपुर की पहचान को पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में भी सुदृढ़ करना है। नलवाड़ी मेला जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है और इसमें इस प्रकार के नवीन आयोजनों को शामिल करने से मेले की भव्यता और आकर्षण में और वृद्धि होगी।

उन्होंने समस्त जिला वासियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से आह्वान किया कि वे इस ऐतिहासिक और दिव्य आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाएं और इस अनूठी परंपरा के साक्षी बनें।

ये भी पढ़ें:  आज का राशिफल: 12 राशियों पर कैसा रहेगा 5 दिसंबर का दिन? शुभ मुहूर्त और इन अचूक उपायों के साथ जानें अपनी ग्रह चाल
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More