Home Himachal Bilaspur निशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, 10...

निशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, 10 अप्रैल तक मौका

जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान द्वारा पात्र अभ्यर्थियों से दो प्रमुख पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

0

बिलासपुर : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अंतर्गत निदेशालय अनुसूचित जाति अन्य पिछड़ा वर्ग अल्पसंख्यक एवं विशेष रूप से सक्ष्मों का सशक्तिकरण द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, शिमला के सहयोग से अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं के लिए निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश सरकार के अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं विशेष रूप से सक्षम निदेशालय के सहयोग से प्रधान मंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 10 अप्रैल 2026 कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें:  नागल सकेती में पेयजल किल्लत, 900 की आबादी प्रभावित, तीन दिन बाद विभाग ने शुरू किया मरम्मत कार्य

जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान द्वारा पात्र अभ्यर्थियों से दो प्रमुख पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रथम पाठ्यक्रम कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक के मूल सिद्धांत पर आधारित है, जिसकी अवधि तीन माह (प्रतिदिन दो घंटे) निर्धारित की गई है तथा इसके लिए न्यूनतम योग्यता किसी भी विषय में स्नातक रखी गई है। द्वितीय पाठ्यक्रम ऑफिस ऑटोमेशन, अकाउंटिंग एवं पब्लिशिंग असिस्टेंट है, जिसकी अवधि भी तीन माह (प्रतिदिन चार घंटे) होगी और इसके लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं कक्षा पास निर्धारित है।

आवेदन हेतु अभ्यर्थी का अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित होना तथा हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया 12वीं एवं स्नातक अंकों की मेरिट के आधार पर की जाएगी, जिसमें बीपीएल श्रेणी के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। कुल सीटों में से 30 प्रतिशत सीटें महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं।

ये भी पढ़ें:  बद्दी में एक युवक पर सरेआम फायरिंग, हमलावरों की तलाश में पुलिस की पांच टीमें गठित

उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की विशेषता यह है कि यह पूर्णतः निःशुल्क है तथा प्रशिक्षण अवधि के दौरान अभ्यर्थियों को प्रतिमाह दो हजार रूपये वजीफा भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी NIELIT शिमला की आधिकारिक वेबसाइट से http://nielit.gov.in/shimla आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।