घुमारवीं (बिलासपुर) : महज 3 वर्ष 10 माह की आयु में नितिक्षा ठाकुर ने अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय देते हुए महिषासुर मर्दिनी स्तोत्रम् का शुद्ध एवं प्रभावशाली पाठ कर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। इस उपलब्धि पर नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने गुरुवार को घुमारवीं में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान नितिक्षा को सम्मानित किया।
जिला बिलासपुर के गांव देहरा, डाकघर हटवाड़, तहसील घुमारवीं की रहने वाली नितिक्षा की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए मंत्री राजेश धर्माणी ने उसे और उसके परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इतनी छोटी उम्र में यह उपलब्धि हासिल करना प्रेरणादायक है और नितिक्षा ने जिला बिलासपुर ही नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम भी गौरवान्वित किया है।
इस अवसर पर नितिक्षा ठाकुर की माता दीक्षा कुमारी, पिता नितिन कुमार और अन्य परिजन भी उपस्थित रहे।
