बिलासपुर : जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग बिलासपुर बृजेंद्र पठानिया ने जिला के सभी LPG उपभोक्ताओं को सूचित करते हुए बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशानुसार सभी सक्रिय गैस कनेक्शनों के लिए ई-केवाईसी (e-KYC) अनिवार्य कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिन कनेक्शनों का ई-केवाईसी पूर्ण नहीं होगा, उन्हें निर्धारित समय सीमा के बाद बुकिंग/रिफिल के लिए ब्लॉक किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिला में कुल 1 लाख 30 हजार 149 घरेलू गैस कनेक्शन सक्रिय हैं, जिनमें से 79 हजार 284 कनेक्शनों का ई-केवाईसी पूर्ण हो चुका है, जबकि 50 हजार 865 कनेक्शनों का ई-केवाईसी लंबित है।
उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपना ई-केवाईसी पूरा नहीं किया है, वह सब्सिडी के निलंबन तथा एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा से बचने के लिए तुरंत अपनी संबंधित गैस एजेंसी/वितरक से संपर्क कर अपना ई-केवाईसी पूर्ण करवाएं।
उन्होंने बताया कि ई-केवाईसी के लिए एलपीजी गैस कनेक्शन धारक का आधार कार्ड, पंजीकृत मोबाइल नंबर तथा एलपीजी उपभोक्ता संख्या/गैस पासबुक आवश्यक है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से आह्वान किया है कि वह एलपीजी गैस आपूर्ति में किसी भी असुविधा से बचने के लिए शीघ्र ई-केवाईसी करवाना सुनिश्चित करें।
