HomeHimachalBilaspurकीरतपुर-नेरचैक फोरलेन पर 1800 मीटर लंबी पहली ट्विन ट्यूब टनल का हुआ...

कीरतपुर-नेरचैक फोरलेन पर 1800 मीटर लंबी पहली ट्विन ट्यूब टनल का हुआ सफल ट्रायल रन

कीरतपुर-नेरचैक फोरलेन पर यातायात को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई, जब बिलासपुर के कैंचीमोड़ स्थित टनल-1 में निर्मित 1800 मीटर लंबी पहली ट्विन ट्यूब टनल का सफल ट्रायल रन किया गया।

बिलासपुर : कीरतपुर-नेरचैक फोरलेन पर यातायात को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई, जब बिलासपुर के कैंचीमोड़ स्थित टनल-1 में निर्मित 1800 मीटर लंबी पहली ट्विन ट्यूब टनल का सफल ट्रायल रन किया गया। इस ट्रायल रन की सफलता के साथ ही दोनों सुरंगों में डबल लेन के माध्यम से यातायात संचालन की दिशा में प्रक्रिया लगभग पूर्ण कर ली गई है। इस अवसर पर उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर, प्रोजेक्ट डायरेक्टर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एन.एच.ए.आई.) वरुण चारी सहित प्रशासन एवं एन.एच.ए.आई. के अन्य अधिकारी तथा भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधि राजीव गर्ग उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  बेमौसम बूंदाबांदी ने बढ़ाई सिरमौर के किसानों की टेंशन, जौ-गेहूं भीगे, लहसुन पर भी संकट

उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि ट्विन ट्यूब टनल को चालू करने की दिशा में आज ट्रायल रन आयोजित किया गया है। ट्रायल रन के उपरांत एन.एच.ए.आई. द्वारा टनल के भीतर लाइटिंग, वेंटिलेशन तथा अन्य सुरक्षा मानकों का अंतिम परीक्षण किया जाएगा। अंतिम परीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात इसे औपचारिक रूप से हरी झंडी प्रदान की जाएगी। इसके उपरांत दोनों ट्यूब्स में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी जाएगी, जिससे यातायात का दबाव संतुलित रहेगा और सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

उपायुक्त ने कहा कि टनल के भीतर ट्रायल रन के बाद अन्य तकनीकी बारीकियों की जांच का कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद इस ट्विन ट्यूब टनल को शीघ्र ही आम जनता के लिए सुचारू रूप से खोल दिया जाएगा, जिससे फोरलेन पर सफर करने वाले यात्रियों को जाम की समस्या और दुर्घटनाओं की दृष्टि से जोखिम भी कम होगा। राहुल कुमार ने बताया कि भविष्य में कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर निर्मित अन्य टनलों को भी चरणबद्ध तरीके से ट्विन ट्यूब टनल में विकसित किया जाएगा, ताकि पूरे मार्ग पर यातायात को अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक बनाया जा सके।

ये भी पढ़ें:  सीनियर राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता खेलेगा सिरमौर का ये खिलाड़ी, पहले भी मनवा चुके अपनी प्रतिभा

Latest Articles

Explore More