नाहन : राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी हिमाचल की एकमात्र पार्टी है जो यूजीसी का विरोध कर रही है। नाहन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यूजीसी का काला कानून लागू होने के बाद स्वर्ण समाज अपने बच्चों को उच्च शिक्षा नहीं दिला पाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उच्च शिक्षण संस्थानों में यदि स्वर्ण समाज के बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार होता है तो वे इसके खिलाफ शिकायत भी नहीं कर पाएंगे, बल्कि बिना उनकी बात सुने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर दी जाएगी।
रुमित ठाकुर ने कहा कि रविवार को दिल्ली में भाजपा सरकार ने अपनी तानाशाही दिखाई। उनके अनुसार पहले स्वर्ण समाज के लोगों को जंतर मंतर और रामलीला मैदान में प्रदर्शन की अनुमति दी गई, लेकिन शनिवार रात को अचानक यह अनुमति रद्द कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब स्वर्ण समाज के लोग प्रदर्शन करने के लिए जंतर मंतर और रामलीला मैदान पहुंचे तो दोनों स्थानों को छावनी में बदल दिया गया और कई लोगों को पकड़कर जेल में डाल दिया गया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में जिस तरह केंद्र सरकार और भाजपा के इशारे पर पुलिस ने स्वर्ण समाज के पदाधिकारियों के साथ बर्बरता की, उसका जवाब आने वाले चुनाव में स्वर्ण समाज की जनता देगी। रुमित ठाकुर ने कहा कि भाजपा को स्वर्ण समाज के लोगों ने सत्ता तक पहुंचाया है, लेकिन अब वही भाजपा यूजीसी बिल लाकर स्वर्ण समाज के बच्चों को सलाखों के पीछे पहुंचाने का रास्ता बना रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा हिंदुत्व की बात करती है और दूसरी ओर देश के लोगों को आपस में लड़वाने का काम कर रही है। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर बंटवारे की राजनीति करने का आरोप लगाया।
रुमित ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 70 प्रतिशत से अधिक स्वर्ण समाज है, लेकिन भाजपा के नेता यूजीसी के मुद्दे पर चुप हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर ने इस मुद्दे पर पहले कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं दी और सुप्रीम कोर्ट से यूजीसी एक्ट को स्टे मिलने के बाद ही बयान क्यों दिया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की जनता पूछ रही है कि सांसद कंगना रनौत, सुरेश कश्यप और राजीव भारद्वाज को क्या स्वर्ण समाज ने वोट नहीं दिए।
रुमित ठाकुर ने कहा कि भाजपा जब दूसरों की बलि लेती है तो खुश होती है, लेकिन जब लोग भाजपा का विरोध करते हैं तो पुलिस के माध्यम से उन्हें जेल भेजने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग स्वर्ण समाज के लिए काले कोबरे से भी ज्यादा खतरनाक हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी हिमाचल प्रदेश की जनता को तीसरा विकल्प देगी और 2029 के लोकसभा चुनाव में स्वर्ण समाज की जनता भाजपा को 40 सीटों तक सीमित कर देगी।
इस अवसर पर शालिंदर ठाकुर, मनीष ठाकुर, जगदेव ठाकुर, योगराज ठाकुर, अजय ठाकुर, कुलदीप ठाकुर, वीर सिंह और सुखदेव ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।



