Home Himachal Chamba 12 से 14 मार्च तक सजेगा ‘चंबा साहित्य उत्सव’: डीसी मुकेश रेपसवाल...

12 से 14 मार्च तक सजेगा ‘चंबा साहित्य उत्सव’: डीसी मुकेश रेपसवाल ने की तैयारियों की समीक्षा

डीसी ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान विभिन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कथा सत्र, कविता उत्सव, गज़ल संध्या, संगीत एवं कविता प्रस्तुति, पैनल चर्चा, थिएटर कलाकारों की प्रस्तुतियां, कवि सम्मेलन और संवाद सत्र शामिल रहेंगे।

0

चंबा : डीसी मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में सोमवार को 12 से 14 मार्च तक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंबा में आयोजित होने वाले चंबा साहित्य उत्सव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की गई। बैठक के दौरान डीसी ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए बनाई गई कार्ययोजना पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के आयोजन में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि यह उत्सव सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

डीसी ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान विभिन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कथा सत्र, कविता उत्सव, गज़ल संध्या, संगीत एवं कविता प्रस्तुति, पैनल चर्चा, थिएटर कलाकारों की प्रस्तुतियां, कवि सम्मेलन तथा संवाद सत्र शामिल रहेंगे। ।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न पुस्तक प्रकाशकों द्वारा पुस्तक मेले का भी आयोजन किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल प्रदेश के सरकारी शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड लागू करने की तैयारी!

उन्होंने बताया कि चंबा की प्रसिद्ध एवं प्राचीन कला और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से हेरिटेज वॉक का भी आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों को चंबा की ऐतिहासिक धरोहरों और सांस्कृतिक परंपराओं से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि चंबा साहित्य उत्सव, कला और संस्कृति के क्षेत्र में संवाद एवं विचार-विमर्श का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। इससे स्थानीय साहित्यकारों, कलाकारों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा और चंबा की सांस्कृतिक पहचान को भी व्यापक स्तर पर प्रोत्साहन मिलेगा। इस उत्सव में सभी लोग अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं। डीसी ने विशेष रूप से साहित्य एवं कला प्रेमियों और युवाओं से उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाने का आग्रह किया।

ये भी पढ़ें:  गुमशुदगी के 9वें दिन क्षत-विक्षत हालत में मिला 24 साल के युवक का शव

डीसी ने इस दौरान विभिन्न प्रेस प्रतिनिधियों और सोशल मीडिया इनफ्लुएंसरों से चंबा साहित्य उत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, सहायक आयुक्त राहुल धीमान, एसडीएम प्रियांशु खाती, संयुक्त निदेशक मेडिकल कॉलेज चंबा ओम प्रकाश ठाकुर, सीएमओ डॉ. जालम सिंह भारद्वाज, जिला विकास अधिकारी तिवेंद्र चिनोरिया, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा, प्रिंसिपल डिग्री कॉलेज राकेश राठौर, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा, प्रोफेसर प्रशांत रमन रवि, सहायक अभियंता तेजू राम, गौरव कुमार व कनिष्ट अभियंता नीतिका ठाकुर बैठक में उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  31.90 करोड़ रुपये में नीलाम हुई सिरमौर जिला की 4 टोल यूनिटें, जानें कौन सा बैरियर कितने में छूटा