चंबा : हिमाचल दिवस समारोह के जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन ऐतिहासिक चंबा चौगान में किया जाएगा। समारोह की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ किया जाएगा।
इस अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चंबा, डाइट तथा स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसके अतिरिक्त पुलिस बल के जवान एवं विद्यालयों के एनसीसी कैडेट परेड में भाग लेंगे।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करना सुनिश्चित बनाएं। उपायुक्त ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा, सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, उपमंडलाधिकारी (ना.) चंबा प्रियांशु खाती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
