चंबा : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में उस वक्त बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब जुम्महार से चंबा जा रही HRTC की सरकारी बस घूम नामक स्थान पर अचानक ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हो गई। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। राहत की बात ये रही कि चालक की सूझबूझ और सतर्कता से सभी यात्रियों की जान बच गई और कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
लोगों के अनुसार सुबह करीब 7:45 बजे रवाना हुई बस के ब्रेक अचानक जवाब दे गए, जिससे बस में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने जोखिम उठाकर बस को सड़क किनारे टकरा दिया, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके। चालक की इस समझदारी से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना के दौरान बस में सवार यात्रियों में दहशत का माहौल बना रहा। कई यात्री इस घटना के बाद सहमे हुए नजर आए। स्थानीय लोगों ने भी चालक की बहादुरी और सूझबूझ की सराहना की, जिसने दर्जनों लोगों की जान बचा ली। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद परिवहन विभाग की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। लोगों का कहना है कि पिछले लंबे समय से चंबा जिले की अलग-अलग सड़कों पर पुरानी और खटारा हो चुकी बसों को भेजा जा रहा है, जिससे बसें रास्ते में हांफ जाती हैं। उधर, पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।
