चंबा : हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में मिंजर मेला देखकर घर लौट रहे दो युवकों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में बुरी तरह घायल एक युवक को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि 19 वर्षीय युवक लापता हो गया। पुलिस और प्रशासन की टीमें क्षेत्र में सर्च अभियान चला रही हैं।
जानकारी के अनुसार हादसा रविवार देर रात बालू-साहो लिंक रोड पर पक्काटाला स्थित काली माता मंदिर के समीप हुआ। गांव सरू निवासी सक्षम (19) और शुभम (17) मिंजर मेले से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और शुभम को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं, सक्षम हादसे के बाद से लापता है।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लापता युवक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि नदी के मुहाने और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोज अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।
