HomeHimachalदोस्ती हो तो ऐसी: सिरमौर के इन युवाओं ने अपने दोस्त के...

दोस्ती हो तो ऐसी: सिरमौर के इन युवाओं ने अपने दोस्त के जन्मदिन पर रक्तदान कर बदला जश्न का अंदाज

यह पहला मौका रहा जब जन्मदिन को रक्तदान जैसे महादान से जोड़ते हुए पूरी मंडली ने एक साथ रक्तदान किया और समाजसेवा की एक अनूठी मिसाल कायम की। रक्तदान करने वालों में अधिकांश युवक बर्मा पापड़ी गांव के रहने वाले हैं

नाहन : समाज में जन्मदिन मनाने के पारंपरिक तरीकों से हटकर नाहन विधानसभा क्षेत्र के बर्मा पापड़ी गांव के युवाओं ने मानवता की एक नई मिसाल पेश की है। मंगलवार को इस गांव के रवि चौहान का 32वां जन्मदिन था। इसे खास बनाने के लिए उनके भाई और मित्र सीधे मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक पहुंचे, जहां उन्होंने सामूहिक रूप से रक्तदान कर इस दिन को यादगार बना दिया।

यह पहला मौका रहा जब जन्मदिन को रक्तदान जैसे महादान से जोड़ते हुए पूरी मंडली ने एक साथ रक्तदान किया और समाजसेवा की एक अनूठी मिसाल कायम की। रक्तदान करने वालों में अधिकांश युवक बर्मा पापड़ी गांव के रहने वाले हैं, जबकि एक मित्र जिला मंडी से हैं, जो वर्तमान में बर्मा पापड़ी में लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं।

ये भी पढ़ें:  112 पदों के लिए यहां 24-25 मार्च को होंगे कैंपस इंटरव्यू, 10वीं से लेकर MBA तक वालों के लिए सुनहरा चांस

रवि चौहान को उनके दोस्त आरडीएक्स के नाम से भी जानते हैं। उनके जन्मदिन को खास बनाते हुए कालाअंब में पंप ऑपरेटर के पद पर तैनात बर्मा पापड़ी निवासी तनुज चौहान, उनके भाई नरेश चौहान, जिला मंडी निवासी कुलदीप, बिजली बोर्ड में लाइनमैन पद पर सेवाएं दे रहे नितिन पंवार ने रक्तदान किया।

इसके अलावा जिला सोलन के गांधीग्राम से पॉलीटेक्निक की पढ़ाई कर रहे बर्मा पापड़ी के ही विकास, चंडीगढ़ में अपना कारोबार कर रहे पिंकू और वन विभाग में तैनात सुनील भाटिया भी इस पुनीत कार्य में शामिल रहे। सभी युवाओं ने मिलकर यह संदेश दिया कि खुशी के अवसर समाज के लिए कुछ करने का माध्यम भी बन सकते हैं।

ये भी पढ़ें:  श्री महामाया बाला सुंदरी मंदिर न्यास त्रिलोकपुर की वेबसाइट शुरू, ऑनलाइन मिलेंगी अब ये सुविधाएं

तनुज चौहान ने बताया कि सभी पहले भी रक्तदान कर चुके हैं, लेकिन भाई रवि चौहान के जन्मदिन पर पहली बार सभी भाइयों और दोस्तों ने एक साथ रक्तदान किया है। उन्होंने बताया कि उनका मित्र समूह केवल रक्तदान तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वे अपने खर्च पर पालतू जानवरों के इलाज में भी लगातार सहयोग करते आ रहे हैं।

उधर, ड्रॉप्स ऑफ होप सोसायटी के संचालक ईशान राव ने कहा कि इन सभी भाइयों और दोस्तों ने रक्तदान कर सच्ची दोस्ती और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की है। उन्होंने बताया कि ये सभी युवक सोसायटी के सक्रिय सदस्य भी हैं और जरूरत पड़ने पर हर समय रक्तदान के लिए आगे रहते हैं।

ये भी पढ़ें:  कांग्रेस सरकार का बजट हिमाचल को आर्थिक संकट की ओर धकेलने वाला : संदीपनी
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More