HomeHimachalअलविदा, 'गोलकीपिंग किंग' - डी. आर. स्वामी, लंबी बीमारी के बाद अंबाला...

अलविदा, ‘गोलकीपिंग किंग’ – डी. आर. स्वामी, लंबी बीमारी के बाद अंबाला में ली आखिरी सांस

नाहन : हिमाचल प्रदेश के फुटबॉल जगत के शानदार गोलकीपर रहे धनराज (डी. आर.) स्वामी का लंबी बीमारी के बाद अंबाला में निधन हो गया है। उनके जाने से खेल प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई है। डी. आर. स्वामी को अपने समय का सबसे बेहतरीन गोलकीपर माना जाता था। उन्होंने अपनी अद्भुत फुर्ती और बचाव की कला से हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया।

संतोष ट्रॉफी, डीसीएम ड्यूरंड कप और रोवर्स कप जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट्स में उनका प्रदर्शन लाजवाब रहा। वह लंबे समय तक हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड की टीम का भी हिस्सा रहे। खेल जीवन के बाद भी स्वामी जी का फुटबॉल से रिश्ता नहीं टूटा।

ये भी पढ़ें:  ऐतिहासिक उपलब्धि : हिमाचल के डा. कुलदीप बने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के जूरी सदस्य, प्रतिष्ठित तकनीकी पद संभालने वाले पहले भारतीय

विद्युत विभाग से जूनियर इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उनकी बुलंद और जोशीली आवाज फुटबॉल मुकाबलों का अभिन्न हिस्सा बन गई। स्थानीय प्रतियोगिताओं में उनकी कमेंट्री का अनोखा अंदाज आज भी खेल प्रेमियों के दिलों में बसा हुआ है। यह कहा जाता था कि जब तक स्वामी जी की आवाज मंच से नहीं गूंजती, तब तक फुटबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत अधूरी लगती थी।

करीब एक सप्ताह पहले तक वे सोशल मीडिया पर भी सक्रिय थे, जो खेलों के प्रति उनके कभी न खत्म होने वाले जुनून को दर्शाता है। खेल जगत और उनके सभी शिष्यों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकेगा।

ये भी पढ़ें:  DC ऑफिस मंडी को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, भवन करवाया खाली, भारी सुरक्षा बल तैनात

डी. आर. स्वामी का निधन देवभूमि के फुटबॉल जगत के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। वह न केवल एक बेहतरीन खिलाड़ी थे, बल्कि एक ऐसे व्यक्तित्व थे, जिनकी यादें फुटबॉल के हर प्रशंसक के मन में हमेशा जीवित रहेंगी।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More