मंडी : जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC), शाखा मंडी द्वारा महिला करियर एजेंट के 500 पद जिला रोजगार कार्यालय मंडी को अधिसूचित किए गए हैं।
इन पदों के लिए साक्षात्कार 3 नवंबर से 6 नवंबर, 2026 तक जिला के विभिन्न स्थानों में आयोजित किए जाएंगे। यह साक्षात्कार 3 नवंबर, 2026 को उप-रोजगार कार्यालय नेरचौक, 4 को उप-रोजगार कार्यालय जोगिंद्रनगर, 5 को उप-रोजगार कार्यालय बालीचौकी और 6 नवंबरको जिला रोजगार कार्यालय मंडी में आयोजित किए जा रहे हैं। सभी साक्षात्कार सुबह 10:30 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए 18 से 70 वर्ष आयु की महिलाएं पात्र होंगी, जबकि 30 से 60 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि चयनित महिलाओं को निर्धारित लक्ष्य पूर्ण करने पर प्रथम वर्ष 7,000 रुपए प्रतिमाह, द्वितीय वर्ष 6,000 रुपए प्रतिमाह तथा तृतीय वर्ष 5,000 रुपए प्रतिमाह वजीफा प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बीमा पॉलिसियों की बिक्री पर नियमानुसार कमीशन भी मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस साक्षात्कार में भाग लेने के लिए महिला अभ्यर्थी का हिमाचल प्रदेश के किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकरण होना अनिवार्य है। जिन महिलाओं का पंजीकरण नहीं है अथवा समाप्त हो गया है, वे ईईएमआईएस पोर्टल पर ऑनलाइन नया पंजीकरण या नवीनीकरण कर सकती हैं।
उन्होंने आग्रह किया कि इच्छुक महिलाएं अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों एवं उनकी छाया प्रतियों, पासपोर्ट साईज फोटो, आधार कार्ड तथा रोजगार पंजीकरण पत्र सहित निर्धारित तिथि पर अपने नजदीकी संबंधित रोजगार कार्यालय में पहुंचें।
उन्होंने बताया कि इस साक्षात्कार में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 पर संपर्क किया जा सकता है ।

